जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने 30 घंटे में अपहृत मासूम किया बरामद, महिला आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा के दिलशाद गार्डन में स्थित जीटीबी अस्पताल परिसर से छह माह का मासूम बच्चा अगवा कर लिया गया था। थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अगवा बच्चे को महज 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय महिला बॉबी (उर्फ) कंचन को गिरफ्तार किया है, जो हत्या और अपहरण के एक पुराने मामले में उम्रकैद की सजा पा चुकी है और पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद फरार चल रही थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, 31 मई को सीलमपुर निवासी महिला ने जीटीबी एन्क्लेव थाने में शिकायत दी थी कि एक महिला कुछ दिन पहले उनके घर आई थी और खुद को बच्चों का टीकाकरण कराने में मदद करने वाली बताकर परिचय दिया था। घटना वाले दिन वह महिला फिर उनके घर पहुंच गई थी और नजरीन को उनके छह माह के बेटे के साथ टीकाकरण के लिए जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां अस्पताल परिसर के एमसीएच न्यू बिल्डिंग में पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने बच्चे की मां का विश्वास दिलाया और कुछ फॉर्म भरने के बहाने उन्हें व्यस्त कर दिया था। इसी बीच वह मासूम बच्चे को लेकर अस्पताल से फरार हो गई थी। शिकायत मिलते ही जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई थी। थाना पुलिस ने अस्पताल और मेट्रो स्टेशनों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही तकनीकी निगरानी की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई, तो जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों का पता मेट्रो नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज के जरिए लगाया गया, जो लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र स्थित एक झुग्गी में दबिश देकर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि नवंबर 2025 में उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन दोनों की बाद में मौत हो गई थी। उसने यह बात अपने पति और ससुराल पक्ष से छिपा रखी थी, जब परिवार की ओर से बच्चों को घर लाने का दबाव बढ़ने लगा, तो उसने सच्चाई छिपाने के लिए मासूम का अपहरण करने की साजिश रच डाली और उसे अपना बच्चा बताकर परिवार के सामने पेश कर दिया था।
इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) अजीत कुमार सिंगला ने दी जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयासों से बच्चे को 30 घंटे के भीतर सकुशल बच्चे को बरामद कर उसकी मां से मिलाया गया है, उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button