सुभाष प्लेस थाना एसएचओ तेजपाल सिंह की तत्परता से बची किशोर की जान, चाकूबाजी मामले में 7 आरोपी पकड़े गए

दिल्ली ब्यूरो। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। उत्तर-पश्चिम जिले के थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 7 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है, वहीं समय रहते घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान भी बचा ली।
घटना 15 मई 2026 की रात की है, जब पुलिस को शकूरपुर के एच-ब्लॉक स्थित मस्जिद वाली गली के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 16 वर्षीय साहिद गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा मिला। उसकी कमर के पास काले हैंडल वाला चाकू धंसा हुआ था और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना एसएचओ इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को बिना देरी अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। पुलिस टीम और पीसीआर स्टाफ की मदद से किशोर को तुरंत भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों से तत्काल इलाज शुरू करने का अनुरोध किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज में देरी न हो, इसके लिए डॉक्टरों की टीम को भी पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार यदि घायल को कुछ मिनट की भी देरी होती तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता था। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक बड़ा हादसा टल गया और एक परिवार को अपूरणीय क्षति से बचा लिया गया।
घटना के बाद थाना सुभाष प्लेस में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार छापेमारी के जरिए मामले में शामिल 7 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू घटना से करीब तीन दिन पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खरीदा गया था। पूरे मामले की निगरानी एसीपी सुभाष प्लेस सृष्टि भट्ट (आईपीएस) द्वारा की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि दिल्ली पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय लोगों की जान बचाने में भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करती है।




