फतेहपुर में सरकारी दुकान पर राशन लेते वक्त ई-पास मशीन पर महिला के उंगली रखते ही हुआ धमाका
In Fatehpur, while taking ration at a government shop, there was an explosion as soon as a woman placed her finger on the e-pass machine

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के धाता ब्लॉक के सरवनपुर नेदौरा गांव में राशन वितरण के दौरान एक दुर्घटना घटी। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यहां एक सरकारी राशन की दुकान में वितरण के दौरान ई-पास मशीन में फिंगर लगाते समय भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में आस-पास मशीन के टुकड़े बिखर गए। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, गांव स्थित सरकारी कोटे की दुकान में बुधवार को राशन वितरण के दौरान एक महिला ई-पास मशीन में फिंगर लगा रही थी। जैसे ही महिला ने उंगली हटाई तभी अचानक मशीन में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से वहां मौजूद लोग सहम गए। घटना के समय कई कार्ड धारक अंगूठा लगाने के लिए वहां इकठ्ठा थे। हालांकि किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि विस्फोट की जानकारी मिली है। घटना की सूचना पर देर शाम पूर्ति विभाग और टेक्निकल इंजीनियरों की टीम मौके पर भेजी गई है। जांच-पड़ताल के बाद टीम के सदस्य मशीन के टुकड़ों को समेट कर साथ ले गई। वहीं राशन वितरण में कार्ड धारकों को दिक्कत न हो इसके लिए विभाग ने कोटेदार को दूसरी नई मशीन दे दी है। वहीं इस घटना के बाद कोटेदार और ग्रामीणों ने बताया कि ई-पास मशीन में तकनीकी खामी तो देखी गई है, लेकिन उन्होंने ऐसा पहली बार देखा है, जब ई-पास मशीन में विस्फोट हुआ हो।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गानीमत रही कि मशीन में विस्फोट होने से कोई हताहत नहीं हुआ। लोग इस घटना के बाद राशन लेने के लिए फिंगर लगाने से कतराते नजर आ रहे हैं। लोग प्रशासन से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील कर रहे हैं।




