कैबिनेट मंत्री के बंद कॉलेज में फंदे पर लटका मिला बालिका का शव
लापता नानी की तलाश में जुटी पुलिस

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के पतारा स्थित बंद पड़े डिग्री कॉलेज में सोमवार रात नौ साल की बालिका का शव फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम में फंदा लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। कॉलेज के एक कमरे में बालिका के साथ उसकी नानी भी रहती थी। फिलहाल, उसका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस तलाश कर रही है।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का पतारा में ‘बाबा बैजनाथ डिग्री कॉलेज’ है, जोकि वर्तमान में बंद चल रहा है। कॉलेज परिसर स्थित एक कमरे में गुजैनी निवासी ममता अपनी नौ वर्षीय नातिन वैष्णवी उर्फ रानी के साथ रहती थी। वैष्णवी, ममता की बेटी लक्ष्मी की पहली शादी की संतान है। लक्ष्मी की दूसरी शादी कानपुर के बाबूपुरवा निवासी मंजीत से हुई है।
सोमवार देर शाम कॉलेज के चौकीदार धरमंगतपुर निवासी कामता को ममता के कमरे का दरवाजा खुला मिला तो झांककर देखने पर वैष्णवी का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। नीचे लकड़ी का तख्त था और पास में कुर्सी गिरी पड़ी थी।
आशंका जताई जा रही है तख्त के ऊपर कुर्सी रखकर फंदा लगाया गया है। कमरे में टीवी भी चल रही थी। घटना के समय ममता गायब थी और अब तक उसका कुछ पता नहीं चला है। उसका फोन भी स्विच आफ आ रहा है।
मंगलवार को कांशीराम अस्पताल के डा. सुमित मिश्रा, बिठूर सीएचसी के डा. राजेश कुमार और महिला डाक्टर गीता प्रभाकर की निगरानी में पोस्टमार्टम हुआ। इसमें फंदा लगने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, विसरा सुरक्षित किया गया है और स्लाइड भी बनवाई गई है। पुलिस घटना के कारणों के साथ ही नानी ममता की भी तलाश कर रही है।
उधर, बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम ममता ने अपनी बेटी लक्ष्मी से फोन पर संपर्क किया था और मंगलवार को देर रात तक घर आने की सूचना दी थी। एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि ममता की तलाश की जा रही है। उससे ही घटना के संबंध में और जानकारी मिल सकती है।




