कानपुर कांग्रेस के नेता ने बीजेपी नेता के ऑफिस में घुसकर तानी रिवॉल्‍वर, बेटे से हुई थी कहासुनी, एफआईआर दर्ज

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंबुज शुक्ला ने बीजेपी नेता के ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों पर लाइसेंसी रिवाल्वर तान दी। आरोप है कि अंबुज शुक्ला ने गाली-गलौच की और जान से मारने की नियति से रिवाल्वर तान दी। पुलिस ने अंबुज शुक्ला को रिवाल्वर समेत हिरासत में लेकर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कांग्रेस नेता की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने अंबुज शुक्ला की मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए फिलहाल छोड़ दिया है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र निवासी बीजेपी नेता भूपेश अग्रवाल का पंक्षी विहार में अथर्व कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी का ऑफिस है। उन्होंने बताया कि ऑफिस की देखभाल करने वाले मनीष दिवाकर स्कूटी से घर जा रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में रहने वाले अंबुज शुक्ला के बेटे शुभम और सूर्यांश कार से जा रहे थे। साइड नहीं देने को लेकर दोनों के विवाद शुरू हो गया। दोनों लड़के गाली-गलौच और धक्का-मुक्की करते हुए ऑफिस के गेट तक ले आए। कंपनी के कर्मचारियों ने बीच बचाव कर दोनों को शांत कराया दिया।
पीड़ित मनीष दिवाकर का आरोप है कि कुछ देर बाद अंबुज शुक्ला अपने दोनों बेटों और दो ड्राइवरों के ऑफिस में घुस आए। अंबुज शुक्ला ने गाली-गलौच करते हुए, रिवाल्वर तान दी। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंबुज शुक्ला को हिरासत में लेकर रिवाल्वर कब्जे में लेली। एसीपी अभिषेक पांडेय के मुताबिक मनीष दिवाकर की तहरीर पर बलवा, जान से मारने की धमकी, मारपीट, एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कांग्रेसी नेता अंबुज शुक्ला 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट से गोविंद नगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। पूर्व कांग्रेस विधायक अजय कपूर के करीबी हैं। अंबुज शुक्ला का कहना हैं कि पिछले सप्ताह से निमोनिया के इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती थे। शुक्रवार दोपहर तीन बजे डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे। अस्वस्थ अवस्था में उपजे तनाव के बीच बेटों के साथ चले गए। जिसका मुझे खेद भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button