हरियाणा पुलिस ने अंकित हत्याकांड के 4 साल से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

रोहतक/हरियाणा। रोहतक जिला की पुलिस की टीम ने रुड़की के अंकित हत्याकांड मामले में करीब 4 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 21 दिसंबर 2019 को रुड़की ड्रेन में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। युवक की पहचान रुड़की गांव निवासी अंकित उर्फ घंटू के रूप में हुई थी। आईएमटी पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मृतक के पिता सुखबीर की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302,201,34 के तहत केस दर्ज कर लिया गया था।
जांच में सामने आया था कि 21 वर्षीय अंकित खेती बाड़ी का काम करता था। 20 दिसंबर की रात को रुड़की गांव निवासी सोनू उसे घर से बुलाकर ले गया था। रात को अंकित घर वापस नहीं आया था और अगले दिन सुबह ड्रेन में शव मिला था। शरीर पर चोट के निशान थे और गला कटा हुआ था।
अंकित ने विकास के साथ की थी मारपीट
आईएमटी पुलिस स्टेशन के एसएचओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस जांच टीम ने आरोपी सोनू को सोनीपत रोड रोहतक से गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल रहे रुड़की गांव निवासी विकास उर्फ काला व उसके भाई सचिन को 24 दिसंबर 2019 और मंदीप को 10 फरवरी 2020 को गिरफ्तार किया गया था। एसएचओ ने बताया कि एक आरोपी विकास कबड्डी का खिलाड़ी है। वह गांव में बने स्टेडियम में कबड्डी का अभ्यास करता था। 18 दिसंबर को अंकित के साथ उसका झगड़ा हुआ था। अंकित ने विकास के साथ मारपीट की थी।
बदला लेने के लिए की हत्या
मारपीट का बदला लेने के लिए विकास ने अपने भाई सचिन व सोनू के साथ अंकित की हत्या करने की योजना बनाई। 20 दिसंबर को अंकित को सोनू घर से बुलाकर लाया और खेत में ड्रेन के पास निर्माणाधीन मकान में ले गए, जहां पर विकास सचिन व सोनू ने अपने दोस्त मंदीप के साथ मिलकर लाठी व सरियों से अंकित के साथ मारपीट की तथा कस्सी से अंकित की गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। फिर अंकित के शव को ड्रेन में डालकर फरार हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button