गुजरात के अहमदाबाद-इंदौर एक्सप्रेस-वे पर खड़ी एक बस से टकराई दूसरी

अहमदाबाद/एजेंसी। गुजरात के पंचमहाल जिले में एक बड़ी सड़क दुर्घटना सामने आई है। अहमदाबाद-इंदौर एक्सप्रेसवे पर तकनीकी खराबी के चलते एक बस खड़ी हुई थी। पीछे से आई एक दूसरी बस ने बस को पीछे से टक्कर मारी और फिर असंतुलित होकर नीचे चली गई। इस घटना में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पंचमहाल जिला पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया। अहमदाबाद-इंदौर एक्सप्रेस वे पर यह घटना गोधरा के नजदीक हुई। एक्सीडेंट गोधरा के गढ़ गांव के पास हुआ।
मृतकों में दो बच्चे शामिल
एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस से दूसरी बस के टकराने की घटना में कुल चार की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। गोधरा के अनुमंडल मजिस्ट्रेट प्रवीण सिंह जयतावत ने बताया कि दुर्घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे दाहोद-गोधरा राजमार्ग पर हुई। जब इंदौर जा रही एक बस तकनीकी समस्या के कारण सड़क के किनारे रुकी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी। उन्होंने बताया कि दाहोद से आ रही एक अन्य लग्ज़री बस का चालक आगे खड़ी बस को नहीं देख सका और उसने अपने वाहन से खड़ी बस में टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो महिलाएं और दो बच्चे समेत चार यात्रियों की मौत हो गई।
दो घायल वडोदरा रेफर
घटना में 11 अन्य यात्रियों को चोटें आईं। अधिकारी ने कहा कि उनमें से नौ का गोधरा के एक सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को चिकित्सा सहायता के लिए वडोदरा रेफर किया गया है। इन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए वडोदरा के एसएसजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उधर एक्सप्रेसवे पर जेसीबी की मदद से लग्जरी बस को बाहर निकाला गया। एक्सीडेंट में पहली बस के पिछला और दूसरी बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से खराब हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button