लद्दाख से पांच दिन के बाद मिले लापता उत्तर प्रदेश के चार पर्यटक

20 फुट गहरी खाई में गाड़ी का हीटर चलाकर बची जान

जम्मू/एजेंसी। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में पैंगांग झील के पास से लापता हुए उत्तर प्रदेश के चार युवा पर्यटक पांच दिनों के बाद मंगलवार को मिल गए। उनकी तलाश में लद्दाख पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ रखा था। लेह पुलिस के अनुसार चार पर्यटक 9 जनवरी को पैगांग झील से मनाली मार्ग की ओर चले गए थे। इस दौरान उनकी गाड़ी करीब बीस फुट गहरी खाई में जा गिरी थी। वाहन के नीचे गिरने के बाद ये लोग गाड़ी का हीटर चलाकर बचे। लेकिन जब गाड़ी का डीजल खत्म हो गया तो उनके पास कड़ी ठंड में गाड़ी से बाहर निकलने के अलावा कोई रास्ता नही बचा था। वे चढ़ाई चढ़कर सड़क पर आ गए व वहां से वे पैदल चलने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पांग-सरचू सड़क पर विस्की नाला से बचाकर वहां से सुरक्षित निकाला।
लेह पुलिस ने मंगलवार को इन चारों पर्यटकों को मीडिया के सामने पेश कर पूरे हालात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके लापता होने के बाद पुलिस पोस्ट तांग्तसे ने बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ रखा था। इसी अभियान के चलते उन्होंने तलाशा गया।
इन पर्यटकों की पहचान जयवीर चौधरी, शुदांशु फौजदार, यश मित्तल व शिवम चौधरी के रूप में की है। इन सभी युवकों की आयु 20 से 26 वर्ष के बीच है। वे छुट्टियां मनाने के लिए केंद्र शासित प्रदेश गए थे। उन्होंने 9 जनवरी को अपने माता पिता के साथ मोबाइल फोन पर बात की थी। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन पर संपर्क नही हो रहा था। पुलिस ने औपचारिक रूप से लापता युवकों की तलाश का नोटिस जारी किया था। उनकी खोज में सहायता के लिए चारों व्यक्तियों का विवरण आसपास के चौकियों व गांवों में प्रसारित कर दिया गया था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button