गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट से दिल्ली तक बंद करेंगे 81 कट, जी20 शिखर सम्मेलन के मेहमानों के उतरेंगे विमान

गाजियाबाद। G-20 समिट की सुरक्षा व्यवस्था का खाका लगभग तैयार कर लिया गया है। हिंडन एयरपोर्ट से दिल्ली तक विदेशी मेहमानों को भेजने वाले रास्तों को चिह्नित किया जा चुका है। पुलिस की तैयारी है कि करहेड़ा, एलिवेटेड और न्यू लिंक रोड पर 81 जगह बने अवैध कटों को बंद किया जाएगा। जब विदेशी मेहमान इन सड़कों से गुजरेंगे, तब आम लोगों की आवाजाही को रोका जाएगा। इसके बाद लोगों के लिए ट्रैफिक खोल दिया जाएगा। दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक G-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा में पहले लेयर में केंद्रीय बल होंगे, उसके बाद यूपी विशेष सुरक्षा बल के 250 जवान तैनात किए जाएंगे। तीसरी लेयर में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा।
दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अधिकतर विदेशी मेहमानों के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी है। भीड़ बढ़ने पर हिंडन एयरपोर्ट पर भी कुछ विमान उतारे जा सकते हैं। ऐसे में यहां भी सुरक्षा व्यवस्था और दूसरे इंतजाम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिन रास्तों से विदेशी मेहमानों का काफिला गुजरेगा, उन्हें कई दिनों से चमकाया जा रहा है, उन रास्तों के आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। नगर निगम की तैयारी है कि ऐसे रास्तों पर कई जगह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लगाया जाए। विदेशी मेहमानों को अगर जिले में रुकवाने का निर्देश मिलता है तो उसके लिए भी बैकअप प्लान तैयार किया गया है।
8.26 करोड़ में हो रहा सौंदर्यीकरण
दिल्ली तक जाने के लिए जिन रास्तों से विदेशी मेहमानों को गुजारा जाएगा, वहां बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण चल रहा है। सड़कों की मरम्मत, ग्रीन बेल्ट, डिवाइडर आदि को ठीक करने के लिए शासन ने 8.26 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं। नगर निगम समेत दूसरे विभाग भी सौंदर्यीकरण के कार्य में जुटे हैं। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि G-20 में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। रास्तों के सौंदर्यीकरण के साथ ही दूसरे इंतजाम भी किए गए हैं।
एयरबेस से निकलते ही रोक देंगे ट्रैफिक
जी-20 समिट के दौरान गाजियाबाद के रास्ते दिल्ली जाने वाले मेहमानों की सुरक्षा का घेरा इतना मजबूत होगा की परिंदा भी पर ना मार सके। जिस समय मेहमान का काफिला एअरबेस से दिल्ली रवाना होगा उस दौरान पूरे मार्ग के ट्रैफिक को रोक दिया जाएगा। पूरे मार्ग पर पुलिस का घेरा रहेगा। ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति इस मार्ग के आसपास भी ना फटक सके। वहीं 15 सितंबर तक पुलिस-प्रशासन ने धारा 144 (निषेधाज्ञा)भी लागू कर दी गई है। डीएसी ट्रांस हिंडन शुभम पटेल के अनुसुार सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र में यूपी एसएसएफ के 250 सशस्त्र जवानो के अतिरिक्त 1000 पुलिसकर्मी पूरे रूट पर रहेंगे, जबकि 6 क्यूआरटी तैनात रहेगी।



