हर्ष विहार में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, अस्पताल में छोड़कर ससुराल वाले हुए फरार

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की शिनाख्त खुशी (20) के रूप में हुई है। इसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उसकी पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि नहाने के दौरान बाथरूम में गिरने से उसकी मौत हुई। ससुराल पक्ष खुशी को अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। परिवार इटावा से दिल्ली पहुंचा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद खुशी का शव परिवार के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अलावा स्थानीय एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, खुशी अपने परिवार के साथ हर्ष विहार इलाके में रहती थी। 20 अप्रैल 2020 को इसकी शादी सचिन नामक युवक से हुई थी। सचिन के परिवार में सास-ससुर व ननद हैं। सचिन शाहदरा में एक कपड़े की दुकान में नौकरी करता है। खुशी का मायका गांव आलमपुर, इटावा, यूपी का है। इसके परिवार में पिता कन्हैया लाल, मां ममता और एक भाई है। कन्हैया ने बताया कि शादी के कुछ दिनों तो सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। मांगे पूरी न होने पर उसकी पिटाई की जाने लगी। कई बार खुशी ने फोन कर अपने परिजनों को मारपीट की बात बताई। आरोप है कि मंगलवार सुबह खुशी के ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि खुशी बाथरूम में गिरकर जख्मी हो गई है। उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले एक रिश्तेदार को अस्पताल भेजा को पता चला कि खुशी की मौत हो चुकी है।
ससुराल वाले उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद परिवार दिल्ली पहुंचा। बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर खुशी का शव परिवार के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम ने परिवार के बयान ले लिये हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हर्ष विहार थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




