ऊधमपुर के नए डीसी मिंगा शेरपा के नाम पर ठगी की साजिश
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, 'फर्जी संदेशों से रहें सावधान'

ऊधमपुर/जम्मू। मिंगा शेरपा ने गत दिवस ही डीसी ऊधमपुर का पदभार संभाला ही था कि साइबर ठगों ने उनकी तस्वीर का दुरुपयोग कर लोगों को निशाना बनाने की साजिश शुरू कर दी। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर डीसी की फोटो लगाकर फर्जी संदेश भेजे जाने के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन ऊधमपुर की ओर से जारी सार्वजनिक एडवाइजरी में कहा गया है कि कुछ शातिर तत्व डीसी ऊधमपुर की तस्वीर का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने और ठगी का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे संदेशों का उद्देश्य लोगों से पैसे या निजी जानकारी हासिल करना हो सकता है।
प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्हाट्सऐप मैसेज का जवाब न दें और न ही उसे आगे फारवर्ड करें। किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक सरकारी चैनलों से ही करें। साथ ही किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से पूरी तरह बचें।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यदि किसी को इस प्रकार का संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है तो वह तुरंत पुलिस या साइबर सेल को इसकी सूचना दें और संबंधित नंबर को ब्लाक कर दें, ताकि अन्य लोग ठगी का शिकार न बनें।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की शंका या जानकारी के लिए आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 01992-272727 और 01992-272728 पर संपर्क करें। साथ ही प्रशासन ने सतर्क रहें, सुरक्षित रहें के संदेश देते हुए लोगों से साइबर ठगी के खिलाफ जागरूक रहने को कहा गया है।



