पीएम मोदी से मिले शुभांशु शुक्ला, अंतरिक्ष से धरती की खींची गई तस्वीरें की भेंट

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात पीएम मोदी आवास पर हुई। मुलाकात के दौरान शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी की खींची गई तस्वीरें प्रधानमंत्री मोदी को भेंट की। बता दें कि शुभांशु शुक्ला, एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुआ और 26 जून को आईएसएस पर पहुंचा। वे 15 जुलाई को पृथ्वी पर वापस लौटे।
शनिवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक विमान में बैठे हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा, “भारत वापस आने के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही हैं। मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे। मैं मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हूं। मुझे लगता है जिंदगी यही है – सब कुछ एक साथ।”




