जलभराव को लेकर एनडीएमसी चेयरमैन ने मांगी माफी, बोले-भारी बारिश कोई बहाना नहीं
नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी सुर्खियों में आ गए हैं। सुर्खियों में आने की वजह उनका दिल्ली के लोगों से माफी मांगना है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैं दिल्ली के उन लोगों से माफी मांगना चाहता हूं जिन्हें एनडीएमसी के इलाके में जलभराव के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा।

नई दिल्ली। राजधानी में भारी बारिश के बाद नई दिल्ली नगर परिषद क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर एनडीएमसी के चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने नागरिकों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण जिन लोगों को जलभराव और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, उसके लिए वह तहे दिल से क्षमा चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश को व्यवस्था की कमी का बहाना नहीं बनाया जा सकता और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर निकाय की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
मनोज कुमार द्विवेदी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि सामान्य परिस्थितियों में एनडीएमसी क्षेत्र में 15 से 20 मिनट के भीतर जलभराव की समस्या दूर कर दी जाती है। हालांकि, 25 अगस्त को पूरी कोशिशों के बावजूद कम से कम तीन से चार इलाकों में पानी अपेक्षाकृत अधिक समय तक जमा रहा।
उन्होंने बताया कि दो घंटे से भी कम समय में 72 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य परिस्थितियों की तुलना में काफी अधिक थी। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि असामान्य बारिश को व्यवस्था की कमी का बहाना नहीं बनाया जा सकता।
एनडीएमसी चेयरमैन ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न होने पर नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था और संबंधित प्रणालियों को मजबूत किया जाएगा। पूरे एनडीएमसी क्षेत्र को जलभराव से मुक्त रखने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर उपाय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे अत्यधिक बारिश के दौरान भी जलभराव की समस्या को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने नागरिकों से व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
मनोज कुमार द्विवेदी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं और 1997 बैच के एजीएमयूटी कैडर से संबंधित हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली से रासायनिक अभियांत्रिकी में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। प्रशासनिक सेवा में उन्हें करीब तीन दशक का अनुभव है।
अगस्त 2026 में केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें नई दिल्ली नगर परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इससे पहले वह केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
मनोज कुमार द्विवेदी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहते हुए उन्होंने अफ्रीका और पश्चिम एशिया से संबंधित अंतरराष्ट्रीय व्यापार वार्ताओं तथा निर्यात-आयात नीति से जुड़े कार्यों को संभाला। जम्मू-कश्मीर में भी उन्होंने प्रधान सचिव, आयुक्त तथा सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं।
एनडीएमसी क्षेत्र में हालिया जलभराव के बाद चेयरमैन की ओर से माफी और व्यवस्था में सुधार का भरोसा ऐसे समय में आया है, जब राजधानी में मानसून के दौरान जलभराव और जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। अब एनडीएमसी की ओर से प्रस्तावित अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपायों के क्रियान्वयन पर लोगों की नजर रहेगी।




