शंकराचार्य मंदिर कश्मीर में धूमधाम से मनाया गया शंकराचार्य जी का जन्मोत्सव

जम्मू ,(एजेंसी)। कश्मीर में शंकराचार्य जन्मोत्सव को बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडित तो जुटे ही साथ ही कश्मीर घूमने आये पर्यटकों को भी जब शंकराचार्य जन्मोत्सव के बारे में पता चला तो वह भी यहां आये। शंकराचार्य जन्मोत्सव पर श्रीनगर के प्राचीन मंदिर में किये गये आयोजन में देशभर से आए धर्मगुरुओं ने भी हिस्सा लिया। मंदिर में सुबह से ही लोग लाइनों में लग कर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किये थे साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से इस दौरान सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किये गये थे। प्रभासाक्षी संवाददाता ने इस आयोजन का जायजा लिया तथा संतों और श्रद्धालुओं से बातचीत की तो सभी ने आयोजन को सराहा और शंकराचार्य जी के दिखाये गये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार का बड़ा फैसला, खोले जाएंगे 157 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज, राष्ट्रीय चिकित्सा उपकरण नीति को भी मंजूरी
देखा जाये तो भारतीय परंपरा में संतों का विशेष स्थान है। खासतौर पर भारत के अमर इतिहास में शंकराचार्य जी का स्थान अप्रतिम है। शंकराचार्य द्वारा प्रतिपादित ज्ञान व भक्ति के सिद्धांत असंख्य लोगों के लिए आज भी प्रेरणा और आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। शंकराचार्य जी के अद्वैत दर्शन से हर कोई प्रेरणा लेता है। शंकराचार्य जी ने भारत के चार कोनों में चार मठ स्थापित कर वैदिक धर्म की एकता और अखंडता के लिए जो कार्य किया उसने सनातन धर्म को काफी बल और लोकप्रियता प्रदान की।




