मुंबई का ऐतिहासिक सायन आरओबी होगा ध्वस्त, जुलाई 2026 तक बंद रहेगी आवाजाही

मुंबई/एजेंसी। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सायन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) को पुनर्निर्माण के लिए ध्वस्त करने का फैसला मुंबई पुलिस प्रशासन ने कर ही दिया। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर तोड़ने की नई तिथियों की घोषणा करते हुए कहा कि यह ब्रिज 1 अगस्त 2024 से जुलाई 2026 तक बंद रहेगा। इस दौरान इस ब्रिज को तोड़ दिए जाने की उम्मीद है। ब्रिज तोड़े जाने के कारण यहां से वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। बता दें कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे ने अपने संरचनात्मक ऑडिट के बाद 2020 में इस आरोबी को यातायात के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया था, लेकिन बोर्ड परीक्षा, लोकसभा चुनाव और स्थानीय निवासियों की असुविधा आदि जैसे कारणों का हवाला देते हुए तीन बार ब्रिज तोड़ने की योजना पर पानी फिर गया। इसे गिराने के काम को स्थगित कर दिया गया था। सायन आरओबी का निर्माण 1912 में हुआ था।
नो एंट्री-वैकल्पिक मार्ग बने
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आरओबी तोड़े जाने के दौरान वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। डॉ.बीए रोड से सायन ओवर ब्रिज के पश्चिम और पूर्व की ओर से एलबीएस मार्ग या सेंट रोहिदास रोड की ओर जाने वाले वाहनों को यहां से डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान सायन माहिम लिंक रोड, केके कृष्णन मार्ग, सायन अस्पताल जंक्शन के पास सुलोचना शेट्टी रोड सहित उपरोक्त सभी सड़कों को नो-पार्किंग घोषित किया जाएगा। सायन आरओबी तोड़ने में कम से कम 3 महीने लगेंगे, जबकि पुनर्निर्माण कार्य कम से कम 2 साल तक चलेगा। इस परियोजना पर 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मध्य रेलवे पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और कुर्ला के बीच दो अतिरिक्त रेलवे लाइनें बिछने से एक्सप्रेस ट्रेनों और लोकल ट्रेनों अलग-अलग ट्रैक पर चलेगी, जो अभी एक ही ट्रैक का उपयोग करती हैं। इससे ट्रेन देरी से नहीं चलेंगी। लोकल ट्रेनें और मेल ट्रेनें वक्त पर चलेगी। लेट-लटीफी की शिकायतें दूर हो जाएंगी। माटुंगा ट्रैफिक डिविजन के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सायन आरओबी डेमोलिशन कार्य को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तरफ से सभी इंतजाम किए जा चुके हैं। जो काम बाकी है, वह एक दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। अतिरिक्त ट्रैफिक वार्डन, इंडिकेटर, नो पार्किंग, नो एंट्री और वैकल्पिक मार्ग समेत सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। इससे संबंधि हर जानकारी ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। लोगों से अपील है ट्रैफिक दिशा निर्देश का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button