फरार डॉन को पुलिस ने बताई ‘औकात’, रखा 50 पैसे का इनाम, सोशल मीडिया पर खूब हो रही चर्चा

झुंझुनू/राजस्थान। झुंझुनूं में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई का अजीबो गरीब इनाम काफी सुर्खियों में चल रहा है। इस दौरान एसपी ने आर्म्स एक्ट में फरार एक बदमाश को पकड़ने के लिए उस पर केवल 50 पैसे का इनाम घोषित किया है। जबकि अब तक बदमाशों पर लाखों रुपए के घोषित ईनाम काफी सुने। लेकिन 50 पैसे का यह ईनाम पहली बार सुनने में आया हैं। एसपी का यह आदेश सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर जब एसपी ने इसकी जो वजह बताई हैं। इसे आप भी सुनकर ही हैरान हो जाएंगे।
सोशल मीडिया पर झुन्झनूं एसपी का यह आदेश काफी चर्चा में है। उन्होंने आर्म्स एक्ट में फरार चल रहे एक आरोपी को पकड़ने के लिए 50 पैसे का अनोखा इनाम घोषित किया हैं। इसके पीछे एसपी ने बताया कि अपराधियों पर लाखों रुपए तक का इनाम घोषित किया जाता है। जिसके कारण उनके हौसले काफी बुलंद हो जाते हैं और वह अपने आप को डॉन समझने लगते हैं। उनका कहना है कि यह इनाम राशि उनको पकड़ने में कोई काम नहीं आती है।
इनाम घोषित होने के बाद इन बदमाशों के हौसले काफी बुलंद हो जाते हैं। वह इसके जरिए अपना रुतबा दिखाते हैं। ऐसे में उन्होंने बदमाशों को उनकी औकात बताने के लिए यह अनोखी शुरुआत की है। जिसमें उन्होंने बताने की कोशिश की है कि अपराधियों की औकात केवल 50 पैसे की है।
झुन्झनू एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई का कहना है कि अपराधी अपराधी होता है। उसका महिमामंडन नहीं होना चाहिए। उनका मानना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से अपराधियों को पकड़ने के लिए 500 से 1 लाख रुपए तक के इनाम घोषित किए जाते हैं। लेकिन यह इनाम उनके पकड़ने में कोई काम नहीं आता है।
यहीं नहीं इनामी राशि के घोषित होने के बाद यह अपराधी अपने आप को डॉन समझने लगते हैं। सोशल मीडिया पर अपना झूठ रुतबा दिखाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में उनकी यह पहल यही दर्शाती है कि अपराधियों की औकात 50 पैसे की है। इसलिए अपराधियों का महिमा मंडन नहीं होना चाहिए।




