मुस्लिमों के पवित्र मक्का और मदीना शहरों में प्रॉपर्टी ले सकेंगे दुनिया के लोग, सऊदी अरब ने खोले दरवाजे
People of the world will be able to buy property in the holy cities of Mecca and Medina for Muslims, Saudi Arabia has opened the doors

रियाद/एजेंसी। सऊदी अरब की कैपिटल मार्केट अथॉरिटी ने मक्का और मदीना जैसे अहम शहरों में रियल एस्टेट कंपनियों में विदेशी निवेश की अनुमति दी है। यह नीति तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसका उद्देश्य विदेशी पूंजी को आकर्षित करना, सऊदी पूंजी बाजार को मजबूत करना और दोनों शहरों में विकास परियोजनाओं को बढ़ावा देना है। ये फैसला ऐसा समय लिया गया है, जब क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान सऊदी की अर्थव्यवस्था को लचीला करते हुए तेल पर निर्भरता कम करने के लिए कदम उठा रहे हैं। इस फैसले से उनके प्लान को रफ्तार मिल सकती है।विदेशियों को निवेश की इजाजत देने के ऐतिहासिक फैसले से दुनियाभर के निवेशकों के लिए मक्का और मदीना में रियल एस्टेट के दरवाजे खुल गए हैं। इससे सऊदी अरब के विजन 2030 को बल मिलेगा, जिसका बड़ा लक्ष्य सऊदी पूंजी बाजार को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए आकर्षक बनाना है। सीएमए का मानना है कि यह कदम मुस्लिमों के पवित्र शहरों में विकास परियोजनाओं के आसानी बढ़ाएगा। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सऊदी बाजार की प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेगा।
नए नियमों के तहत विदेशी निवेश मक्का और मदीना में रियल एस्टेट रखने वाली सऊदी-सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में इन्वेस्ट के लिए है। सऊदी से बाहर के यानी विदेशी निवेशक (व्यक्ति और कंपनी दोनों) सामूहिक रूप से किसी प्रोजेक्ट में 49 प्रतिशत तक शेयर रख सकते हैं। यह नीति विदेशी निवेशकों को पवित्र शहरों में विकास परियोजनाओं से प्रेरित आर्थिक विकास में भाग लेने में सक्षम बनाती है।
सीएमए ने सऊदी अरब के पूंजी बाजार को विदेशी निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए कई सुधार पेश किए हैं। इनमें विदेशी निवासियों को सीधे सऊदी शेयर बाजार में निवेश करने की अनुमति देना, विदेशी संस्थानों को स्वैप समझौतों और अन्य माध्यमों से निवेश करने में सक्षम बनाना और विदेशी निवेशकों को ऋण साधन और रियल एस्टेट फंड प्राप्त करने की अनुमति देना शामिल है।
यह नया कदम सऊदी अरब के आर्थिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह दर्शाता है कि देश अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेषज्ञों का कहना है कि सीएमए का यह कदम स्वागत योग्य है। इससे आर्थिक तौर पर सऊदी अरब को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासतौर से मक्का और मदीना में पूंजी आएगी, जो धार्मिक महत्व की वजह से दुनियाभर में मशहूर शहर है।




