मुंबई में 40 वर्षीय महिला शिक्षिका ने 16 साल के छात्र का बार-बार किया यौन उत्पीड़न

छात्र को ले जाती थी 5 स्टार होटल, शराब पिलाकर करती थी गंदा काम

मुंबई/एजेंसी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक बड़े स्कूल की 40 वर्षीय शिक्षिका को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने अपने ही 16 साल के छात्र का बार-बार यौन उत्पीड़न किया। पुलिस के अनुसार, शिक्षिका विवाहित है और छात्र को महंगे होटलों में ले जाकर उसका शोषण करती थी। यह मामला तब सामने आया जब छात्र के परिवार ने उसके व्यवहार में बदलाव देखा और शिक्षिका ने स्कूल छोड़ने के बाद भी उससे संपर्क करने की कोशिश की। पुलिस ने शिक्षिका और उसके दोस्त के खिलाफ पास्को एक्ट और अन्य संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षिका अंग्रेजी की टीचर है। वह नाबालिग छात्र को आलीशान होटलों में ले जाती थी। वहां उसने उसके साथ गलत काम किया। पुलिस के अनुसार, महिला को पिछले हफ्ते हिरासत में लिया गया था। वह नाबालिग छात्र को लेकर इतनी ज्यादा जुनूनी थी कि उसने स्कूल से पास होने के बाद भी उससे संपर्क करने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दिसंबर 2023 में स्कूल के एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका छात्र की तरफ आकर्षित हुई। आरोप है कि उसने जनवरी 2024 में पहली बार यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के एक दोस्त ने भी लड़के को इस रिश्ते के लिए उकसाया। उसने कहा कि आजकल बड़ी उम्र की महिलाओं और किशोर लड़कों के बीच संबंध आम बात है।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी के दोस्त के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि दोस्त ने कहा कि महिला शिक्षक और वह लड़का एक दूजे के लिए बने हैं। अधिकारी ने बताया कि शिक्षिका लड़के को महंगे होटलों में ले जाती थी। वहां उसका यौन शोषण करती थी। इस वजह से छात्र डिप्रेशन और चिंता में रहने लगा। इसके बाद शिक्षिका ने उसे कुछ दवाएं भी दीं।
आरोप है कि शिक्षिका लड़के को शराब पिलाती थी और फिर उसके साथ गलत काम करती थी। लड़के के परिवार को इस बारे में तब पता चला जब उन्होंने उसके व्यवहार में बदलाव देखा। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने सोचा कि कुछ महीनों में उसकी पढ़ाई खत्म हो जाएगी और यह मामला अपने आप खत्म हो जाएगा। इसलिए उन्होंने पहले चुप्पी साधे रखी।
अधिकारी ने बताया कि लड़के ने कुछ महीने पहले 10वीं की परीक्षा पास की और स्कूल छोड़ दिया। लेकिन वह डिप्रेशन में रहने लगा। अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी शिक्षिका ने उनके घरेलू सहायकों के माध्यम से लड़के को मिलने का संदेश भेजा, तब छात्र के परिवार ने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया। अधिकारी ने बताया कि महिला शिक्षिका पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पास्को) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पास्को एक्ट बच्चों को यौन शोषण से बचाने के लिए बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button