धाराएं हटाने के लिए दरोगा ने ली 50 हजार की रिश्वत, एसएसपी ने किया सस्पेंड, गिरफ्तारी के दिए आदेश

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। एसएसपी ने 50 हजार की रिश्वत लेने के आरोप में एक दरोगा को निलंबित और उस पर उसी के थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दरोगा ने प्रतिवादी से धाराएं हटाने के एवज में रिश्वत ली थी। जिसे थाने में बुलाकर टॉर्चर भी किया गया था। उसकी शिकायत पर क्षेत्राधिकारी से जांच कराई जिसमें वह दोषी पाया गया। मामला थाना एत्माद्द्वौला के कालिंदी विहार का है। कालिंदी विहार की रहने वाली खूशबू ने तीन अगस्त को मथुरा के औरंगाबाद स्थित नरसीपुरम के रहने वाले अपने पति संजय, श्वसुर रनवीर और सास शिवकुमारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। मुकदमें में दहेज उत्पीडऩ, जबरन गर्भपात, जानलेवा हमला की धाराएं लगाई गईं। इस केस की विवेचना दरोगा अरविंद कुमार को दी गई, लेकिन अवकाश पर जाने के चलते इसकी विवेचना नुनिहाई चौकी प्रभारी मनवीर सिंह को दे दी गई।

मनवीर सिंह पर आरोप है कि उसने संजय से 50 हजार की रिश्वत लेकर गर्भपात और जानलेवा हमले की धाराएं हटा दीं और 498ए, 506, 3/4 दहेज प्रतिषेद अधिनियम में 16 अक्टूबर को चार्जशीट लगा दी। इसके बाद धारा 41 सीआरपीसी का नोटिस तामील कराने के लिए संजय को बुलाया और उसे जमकर हड़काया। उसके साथ गालीगलौज की गई और उसका एक वीडियो भी बनाया गया। इस पर संजय भड़क गया।
पुलिस के साथ विवाद हुआ तो वीडियो डिलीट करा दिया गया। इसके बाद संजय ने एसएसपी से इसकी शिकायत की तो एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा ने मामले की जांच करवाई। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृश्यता में मनवीर सिंह दोषी साबित हुए हैं उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच कराई जा रही है।
गिरफ्तारी के दिए गए आदेश
एसएसपी ने रिश्वत लेने के मामले में सस्पेंडेड दरोगा को गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए हैं। मामले में अनुपस्थित चल रहे दरोगा पर एक और मामले में संलिप्त होने के आरोप में केस दर्ज होगा। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के अनुसार जांच में पुष्टि होने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने दरोगा मनवीर सिंह के खिलाफ चौथ वसूली करने, गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। दरोगा मनवीर सिंह पांच दिन से अनुपस्थित चल रहे हैं। थाना स्तर पर कार्रवाई के बाद रिपोर्ट एसएसपी को भेजी जाएगी।
एसएसपी से मिलेगा पीडि़त परिवार
कालिंदी विहार के रहने वाले खुशबू के पिता श्रीनिवास का कहना है कि उन्होंने 2021 में अपनी बेटी की शादी संजय से की थी। संजय के परिवार वालों ने बेटी का उत्पीडऩ किया और उससे नोयडा में फ्लैट की मांग की जा रही थी। उसे जान से मारने की कोशिश की गई। पड़ोसियों ने उसे बचाया था। उसका गर्भपात भी करवा दिया गया। धाराएं हटाने के विरोध में एसएसपी से शिकायत करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button