गाजियाबाद में ‘पहले आओ-पहले पाओ’ स्कीम में धड़ाधड़ बिके 127 फ्लैट, जीडीए को मिले 30 करोड़ रुपये
127 flats sold in Ghaziabad under 'first come first serve' scheme, GDA gets Rs 30 crore

गाजियाबाद। करीब एक दशक से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की विभिन्न योजनाओं के फ्लैट खरीदारों की बाट जोह रहे थे। स्वतंत्रता दिवस पर ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के बाद इनमें 127 फ्लैट की बिक्री हुई है, जिससे जीडीए को 30 करोड़ रुपये की आय हुई है। जीडीए की पांच महत्वपूर्ण योजनाओं के अलग-अलग साइज के 1500 से अधिक फ्लैट खाली पड़े हैं। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में मेरठ में आयोजित बोर्ड बैठक में इन योजनाओं के फ्लैट की कीमत वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी ज्यों की त्यों रखने का प्रस्ताव पर सहमति बनी।
‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के तहत लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। ऑनलाइन के अलावा योजना के तहत फ्लैट खरीदने के लिए लोग प्राधिकरण कार्यालय में पहुंच रहे हैं। अभी तक जीडीए करीब 127 फ्लैट बेच चुका है, जिससे जीडीए को 30 करोड़ रुपये की आय हुई है।
सर्वाधिक फ्लैट मधुबन बापूधाम योजना के 42 फ्लैट बेचकर 10 करोड़, मोदीनगर के संजयपुरी योजना के सभी 48 फ्लैट की बिक्री से तीन करोड़ रुपये, चन्द्रशिला अपार्टमेंट नेहरूनगर योजना के सभी 28 फ्लैट की बिक्री से 14 करोड़ रुपये और इन्द्रप्रस्थ योजना के नौ फ्लैट से 2.50 करोड़ रुपये की आय हुई है। जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि योजना के तहत लोगों में काफी उत्साह है। आने वाले दिनों में लोग अधिक संख्या में इसका लाभ लेंगे।




