वीडियो स्कैंडल मामले में भाजपा नेता देवराजे गौड़ा गिरफ्तार, कई राज खुलने की उम्मीद

चित्रदुर्ग/कर्नाटक। जदएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े कथित अश्लील वीडियो स्कैंडल मामले में भाजपा नेता और वकील जी. देवराजे गौड़ा को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पेन ड्राइव में अश्लील वीडियो लीक करने के आरोप में देवराजे गौड़ा को चित्रदुर्ग जिले के पुलिस ने हसन पुलिस को मिली खुफिया सूचना पर गुलिहाल टोल गेट पर गिरफ्तार किया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना द्वारा कथित तौर पर महिलाओं के यौन शोषण के अश्लील वीडियो लीक होने से कर्नाटक की राजनीति में तूफान आ गया है। देवराजे गौड़ा पर इन अश्लील वीडियो को लीक करने का आरोप है। उन्होंने 2023 का विधानसभा चुनाव होलेनरसीपुरा से जदएस विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ लड़ा था। प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना एक महिला के अपहरण के आरोप में फिलहाल जेल में हैं।
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म का एक और मामला दर्ज किया गया है। इससे जदएस सांसद के खिलाफ यौन शोषण से संबंधित मामलों की संख्या तीन हो गई है। एसआइटी सूत्रों के अनुसार, प्रज्वल के खिलाफ आठ मई को बेंगलुरु में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन पर बार-बार दुष्कर्म करने, ताक-झांक, क्लिप बनाने, यौन संबंधों की मांग, कपड़े पकड़ कर खींचने, छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। प्रज्वल रेवन्ना फरार हैं। इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कार्नर नोटिस जारी किया है।
सिद्दरमैयाआइएएनएस के अनुसार कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने शुक्रवार को स्पष्ट किया है कि प्रज्वल से जुड़े कथित अश्लील वीडियो स्कैंडल की एसआइटी जांच में उनकी या उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने कहा, हम जांच में हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं। मुझे एसआइटी जांच पर पूरा भरोसा है। यह सही रास्ते पर चल रही है।
मामला सीबीआइ को सौंपने की कोई जरूरत नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया था कि एसआइटी पीडि़तों को फंसाने की धमकी देकर शिकायत दर्ज करने के लिए मजबूर करने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने राज्यपाल से भी मुलाकात की थी और सीबीआइ से मामले की जांच कराने की मांग की थी।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने गुरुवार को कहा कि एक शिकायतकर्ता महिला ने दावा किया था कि उसे पुलिस होने का दावा करने वाले कुछ लोगों ने उत्पीड़न की धमकी देकर झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर किया था।
प्रेट्र के अनुसार, एसआइटी ने उन लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू की है, जिन्होंने कथित तौर पर महिला को फोन किया और उसे प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ फर्जी शिकायत करने के लिए मजबूर किया। सूत्रों ने कहा कि जांच टीम को महिला के बारे में तभी पता चला जब राष्ट्रीय महिला आयोग ने एसआइटी को शिकायत भेजी।
शिवकुमार ने कहा, पहले अपना घर संभालें कुमारस्वामी कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एचडी कुमारस्वामी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपना घर ठीक कर लेना चाहिए। शिवकुमार कुमारस्वामी के आरोपों के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। कुमारस्वामी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर अश्लील वीडियो अश्लील वीडियो कांड के जरिये एचडी देवेगौड़ा के परिवार को निशाना बनाने का आरोप लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button