काशी को करोड़ों रुपए की सौगात देने के बाद मोदी-योगी ने मिलकर किया कांग्रेस पर जोरदार अटैक

वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दौरान क्षेत्र को 1780 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की खूब तारीफें करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री ने वाराणसी में देश के पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट का भी शुभारंभ किया और कहा कि आज यूपी निराशा की छवि से बाहर निकल कर आशा और आकांक्षा की दिशा में बढ़ चला है। उन्होंने कहा कि जमीन पर उतरे ये नए प्रोजेक्ट्स काशी और यूपी की समृद्धि के रास्ते को सशक्त करते हैं।
वहीं 25 मार्च को अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल की दूसरी पारी का एक वर्ष पूरा करने जा रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े वर्ग का बेटा देश के सर्वोच्च पद पर जाए यह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान से सीएम ने राहुल गांधी को गरीब, वंचित और दलित विरोधी भी बताया।
दोनों नेताओं के भाषणों की बड़ी बातों पर गौर करें तो आपको बता दें कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि यूपी विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। 25 मार्च को योगी जी की दूसरी पारी का एक वर्ष पूरा हो रहा है। दो-तीन दिन पहले ही योगी जी ने लगातार सबसे ज्यादा समय तक यूपी के मुख्यमंत्री होने का रिकॉर्ड भी बनाया है। निराशा की पुरानी छवि से बाहर निकलकर यूपी आशा और आकांक्षा की दिशा में बढ़ चला है। सुरक्षा और सुविधा जहां बढ़ती है वहां समृद्धि आना तय है। यही आज उत्तर प्रदेश में होता दिख रहा है। आज यहां जो नए प्रोजेक्ट्स जमीन पर उतरे हैं, वो भी समृद्धि के रास्तों को सशक्त करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी में 1,780 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करते हुए बदलते यूपी और बदलते काशी के लिए अपने उद्गार व्यक्त किए। इस अवसर पर पीएम मोदी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चश्मा एवं चेक का वितरण भी किया।
बनारसी अंदाज में लोगों को प्रणाम करते हुए पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आज यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का शिलान्यास किया गया है। बनारस के चौतरफा विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपए के दूसरे प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। इसमें पीने का पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, गंगा की साफ सफाई, बाढ़ नियंत्रण, पुलिस सुविधा, खेल सुविधा जैसे अनेक प्रोजेक्ट शामिल हैं। आज यहां बीएचयू में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन मशीन टूल्स डिजाइन का शिलान्यास भी हुआ है। यानी बनारस को एक और विश्वस्तरीय संस्थान मिलने जा रहा है। काशी के विकास की चर्चा आज पूरे देश और दुनिया में हो रही है। जो भी काशी आ रहा है वो यहां से नई ऊर्जा लेकर जा रहा है। 8-9 वर्ष पहले जब काशी के लोगों ने अपने शहर के कायाकल्प का संकल्प लिया था तब कई लोगों को लगता था कि बनारस में कुछ बदलाव नहीं हो पाएगा। काशी के लोगों ने आज अपनी मेहनत से हर आशंका को गलत साबित कर दिया है।
उन्होंने काशी की दुनिया भर में हो रही चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि मुझे देश-विदेश में मिलने वाले लोग बताते हैं कि वो किस तरह विश्वनाथ धाम के पुनःर्निमाण से मंत्रमुग्ध हैं। हाल ही में जब दुनिया का सबसे लंबा रिवरक्रूज हमारी काशी से चला तो उसकी भी बहुत चर्चा हुई। आपके इन्हीं प्रयासों की वजह से एक साल के भीतर 7 करोड़ से अधिक पर्यटक काशी आए। ये जो लोग यहां आ रहे हैं वो बनारस में ही तो ठहर रहे हैं, वो कभी पूड़ी कचौड़ी खा रहे हैं, कभी जलेबी, लौंगलता का आनंद ले रहे हैं. वो कभी ठंडाई का मजा ले रहे हैं तो कभी लस्सी का रसपान कर रहे हैं। बनारस का पान, लकड़ी के खिलौने, बनारसी साड़ी, कालीन का काम, इन सबके लिए हर महीने 50 लाख से ज्यादा लोग बनारस आ रहे हैं। बनारस आने वाले लोग अपने साथ बनारस के हर परिवार के लिए आय के साधन ला रहे हैं।
पीएम मोदी ने काशी के विकास को नई गति देने के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि ये जो रोपवे यहां बन रहा है, उससे काशी की सुविधा और आकर्षण दोनों बढ़ेगा। रोपवे बनने के बाद बनारस कैंट रेलवे स्टेशन और काशी विश्वनाथ कॉरीडोर की दूरी कुछ मिनट की रह जाएगी। इससे कैंट स्टेशन से गुदौलिया के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या भी दूर हो जाएगी। आज बनारस की एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा काम हुआ है। बाबतपुर हवाई अड्डे में एक नए एटीसी टावर का लोकार्पण हुआ है। अभी तक यहां 50 से अधिक विमानों को हैंडल किया जाता है। नया एटीसी टावर बनने से ये क्षमता बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि काशी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत जो काम हो रहा है उससे भी सुविधाएं बढेंगी। नमामि गंगे मिशन के तहत गंगा किनारे बसे शहरों में सीवेज ट्रीटमेंट का एक बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ है। गंगा के दोनों तरफ पर्यावरण से जुड़ा बड़ा अभियान शुरू होने वाला है। सरकार का प्रयास है कि गंगा के दोनों तरफ 5 किमी के हिस्से में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए। पिछले वर्ष सिगरा स्टेडियम के पुनर्विकास का फेज-1 शुरू हुआ। आज फेज-2 और फेज-3 का भी शिलान्यास किया गया है। इससे यहां अलग-अलग खेलों की, हॉस्टल की आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। बनारस में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम भी बनने जा रहा है। जब स्टेडियम बनकर तैयार होगा तो एक और आकर्षण काशी में भी जुड़ जाएगा।
खुद को जनता का सेवक बताते हुए पीएम ने कहा कि आज केंद्र में, यूपी में जो सरकार है वो गरीब की सेवा करने वाली सरकार है। मेरी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से बात हो रही थी। किसी को आंखों की रोशनी मिली तो किसी को सरकारी मदद से रोजी रोटी की व्यवस्था हुई। करीब एक हजार लोगों का मुफ्त मोतियाबिंद का इलाज हुआ है। रेहड़ी-पटरी फुटपाथ पर काम करने वालों को पहली बार पीएम स्वनिधि योजना से बैंकों से ऋण मिलना शुरू हुआ है। इस वर्ष के बजट में विश्वकर्मा साथियों की मदद के लिए भी पीएम विश्वकर्मा योजना लेकर आए हैं। प्रयास यही है कि अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण में हर भारतीय का योगदान हो, कोई भी पीछे न छूटे।
उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीब, दलित, वंचित, पिछड़ा वर्ग का कोई बेटा अगर देश के सर्वोच्च पद पर जाता है तो कांग्रेस और उसके नेताओं को ये फूटी आंख नहीं सुहाता है। कांग्रेस ने हमेशा से देश को बांटने की राजनीति की है। अपने राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। देश ने कल देखा है कि किस तरह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने संसदीय मर्यादा को ताक पर रखते हुए दलित, गरीब, पिछड़े और वंचितों के खिलाफ बयान दिया और जब न्यायालय की ओर से इसे लेकर खरी खोटी सुनाई गई तो कांग्रेस नेता न्यायालय की अवमानना करने पर उतारू हो गये। कांग्रेस को गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान कही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए 1780 करोड़ रुपए की परियोजनओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी को सीधे सीधे निशाने पर लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत दुनिया के सबसे ताकतवर 20 देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। जो दुनिया में भारत की नई ताकत का अहसास कराता है। चाहे भौतिक विकास के नये प्रतिमान स्थापपित करना हो या आध्यात्मिक विकास को पुनर्स्थापित करना हो, देश ही नहीं दुनिया भारत की नई ताकत को देख रही है। पीएम के नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने नई मिसाल बना है। भारत की प्रगति पर जहां एक तरफ दुनिया गौरव की अनुभूति कर रही है और इस मॉडल को अंगीकार करने के लिए लालायित है, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनकी कई पीढ़ियों को यूपी ने नेतृत्व करने का मौका दिया वो जब यूपी से बाहर जाते हैं तो प्रदेश की और जब देश से बाहर जाते हैं तब भारत को कटघरे में खड़ा करते थे।




