दिल्ली के कई इलाकों में श्रद्धा की आत्मा की शांति के लिए निकाला गया कैंडल मार्च

नई दिल्ली। श्रद्धा हत्याकांड मामले में दिवंगत आत्मा की शांति व श्रद्धांजलि देने के लिए छतरपुर, घिटोरनी, महिपाल पुर, महरौली, वसंत कुंज, बिजवासन और कापसहेड़ा में बृहस्पतिवार को कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च शाम छह बजे आयोजित हुई। इसमें इलाके के तमाम नागरिक शामिल हुए। यह मार्च छतरपुर के दुर्गा आश्रम मंदिर से हो कर शनि हनुमान मंदिर छतरपुर मेट्रो तक निकाल गया।
घिटोरनी में बख्तावर चौक से आया नगर मेट्रो स्टेशन, महरौली में अंधेरिया मोड़ से भूल भुलैया चौक तक मार्च निकाला गया। वहीं, वसंत कुंज में मसूद पुर डेरी से वसंत स्क्वायर माल और महिपाल पुर में छोटी लाल बत्ती में बाजार से सनातन धर्म मंदिर तक दिवंगत आत्मा की शांति व श्रद्धांजलि देने के लिए मार्च निकाला गया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत मंत्री सुरेन्द्र गुप्ता ने श्रद्धा को श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि लोगों में इस घटना के कारण बहुत आक्रोश था फिर भी वे अपनी भावनाएं काबू में रख कर चल रहे थे। यह हिंदू जागृति यात्राएं सर्व हिंदू समाज द्वारा निकाली गई हैं।
बता दें कि बता दें कि मुंबई के कपल की कहानी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इसमें आफताब नाम के लड़के ने श्रद्धा नाम की लड़की का ना सिर्फ मर्डर करता है बल्कि वह उसे 35 टुकड़ों में काट कर दिल्ली के कई जगहों पर फेंक कर पुलिस से बचने की कोशिश में रहता है। हालांकि मामला पिता की शिकायत पर खुल जाने के कारण वह पकड़ा गया। इस जांच के आगे बढ़ते ही एक से बढ़ कर एक खुलासे हो रहे हैं। इसके बाद से पुलिस दिल्ली के मर्डर केस में आफताब से लगातार पूछताछ कर रही है। आज उसे साकेत कोर्ट में पेश कर पांच दिनों के और रिमांड पर ली है। उम्मीद की जा रही है कि वह आने वाले समय में और खुलासा करेगी।




