दिल्ली पुलिस में कांस्टबेल बनवाने के नाम पर 10 लाख हड़पे

गाजियाबाद। दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती करवाने के नाम पर दो लोगों से 10 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। काफी समय बीत जाने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले में विकास तिवारी ने शबाबे नासिर और रीना के खिलाफ सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
विकास ने बताया कि उसके दोस्त के चाचा के जरिये नेहरूनगर में शबाबे नासिर व रीना से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारी और गृह मंत्रालय में उनकी अच्छी जान पहचान है। वे उनकी दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने कुछ खर्च की बात बताई। दोनों ने उनकी व उनको दोस्त की नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये ले लिए। इसके लिए उन्हें हाल में दिल्ली पुलिस की हुई भर्ती परीक्षा में उन्हें परीक्षा देने के लिए भेजा था। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें बताया था कि उत्तर पुस्तिका में केवल रोल नंबर लिखकर आना और कोई जवाब नहीं देना। ऐसा करने पर कुछ नहीं हुआ तो उन्होंने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने धमकी दी। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।




