शातिर गांजा तस्कर को बिजुरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, 1.200 किलो ग्राम गांजा बरामद

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। जिले की बिजुरी थाना पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर्र रहमान के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम व एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
घटना 27 फरवरी को धनिया ठेला तिराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान सामने आई। बेलिया छोट की ओर से आ रही बिना नंबर की ब्लैक-ग्रीन रंग की होंडा एसपी 125 मोटरसाइकिल के चालक की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। तलाशी में मोटरसाइकिल की डिक्की से नंदी लिखा हुआ झोला मिला, जिसमें हरी सूखी पत्तियां, डंठल और बीज युक्त मादक पदार्थ गांजा पाया गया। बरामदगी के बाद आरोपी अविनाश गुप्ता (23), निवासी पत्थर्रा थाना पेंड्रा जिला जीपीएम छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.235 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा बिना नंबर की मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये) और वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) भी जब्त किया गया। कुल मिलाकर 67 हजार रुपये का मशरुका पुलिस ने कब्जे में लिया।
गौरतलब है कि आरोपी पर पहले से ही अपहरण, बलात्कार, हत्या के प्रयास और गांजा तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के चार मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक मानिम टोप्पो, सहायक उपनिरीक्षक प्रभाकर पटेल तथा आरक्षक मनोज उपाध्याय, लक्ष्मण डांगी, रवि सिंह और अभिषेक शर्मा की विशेष भूमिका रही। यह गिरफ्तारी पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।




