आजमगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक मौके से फरार, तीन गंभीर रूप से घायल

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ में भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। कोहरे और रफ्तार के कहर ने तीन लोगों को घायल कर दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने दो ट्रैक्टर ट्रॉली को रौंद दिया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टरों के परखच्चे उड़ गए। इन ट्रैक्टरों के चालक के साथ- साथ तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज के समीप मसीरपुर मोड़ से 3 किलोमीटर आगे रणमो गेट के पास घटी। पाइप प्लांट के समीप देर रात को भीषण हादसा हुआ।
आजमगढ़ हादसे में एक ट्रक ने रॉन्ग साइड से आकर आगे पीछे चल रहे दो ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय सन्नाटा था। जैसे ही हादसा हुआ तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। अनहोनी की आशंका में मौके पर भाग कर पहुंचे। एक तरफ जहां पर ट्रैक्टर पर सवार लोग घायल पड़े थे। वहीं, ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए थे। दोनों ट्रैक्टर बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गए थे।
लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। दरअसल, एक्सिडेंट के कुछ ही देर बाद लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस और डायल हंड्रेड पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एंबुलेंस से घायलों को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां तीनों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले में कार्रवाई में जुट गई है। जिले में पिछले दिनों में लगातार एक्सिडेंट की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है। रफ्तार की चपेट में लोगों की जान पर संकट खड़ा हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button