आजमगढ़ में मुबारकपुर थाने के तीन सिपाही बने दरोगा, ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर हासिल की बड़ी सफलता
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाने में तैनात तीन आरक्षियों ने ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा-2026 में सफलता हासिल की।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। मुबारकपुर थाने में तैनात तीन आरक्षियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 में सफलता हासिल कर विभाग का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा घोषित परिणाम में थाना मुबारकपुर के तीनों आरक्षियों का चयन उपनिरीक्षक पद के लिए हुआ है।
चयनित आरक्षियों में अखिलेश कुमार (पुत्र विजय कुमार तिवारी), सूरज यादव (पुत्र राजेंद्र प्रसाद यादव) और दीपक सिंह (पुत्र शैलेंद्र सिंह) शामिल हैं। तीनों आरक्षी 27 अप्रैल को मुबारकपुर थाने में तैनात हुए थे। नियमित और व्यस्त पुलिस ड्यूटी के बावजूद उन्होंने निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की।
चयनित आरक्षियों ने बताया कि पुलिस की ड्यूटी के साथ परीक्षा की तैयारी करना चुनौतीपूर्ण था। कई बार लगातार ड्यूटी और भागदौड़ के कारण पढ़ाई के लिए समय निकालना कठिन हो जाता था, लेकिन उन्होंने खाली समय और विश्राम के क्षणों का उपयोग अध्ययन के लिए किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वे लक्ष्य तक पहुंच सके।
तीनों आरक्षियों की इस उपलब्धि पर थाना मुबारकपुर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी ने चयनित आरक्षियों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर उपनिरीक्षक जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत प्रेरणादायक है और यह अन्य कर्मियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करता है।
समारोह के दौरान थाना परिसर में खुशी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और चयनित आरक्षियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि तीनों नव-चयनित उपनिरीक्षक भविष्य में भी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ समाज और विभाग की सेवा करेंगे।




