हरियाणा में पति की दूसरी शादी से आहत महिला नहर में कूदी, सरदार जी ने पगड़ी खोलकर बचाई जान

पानीपत/हरियाणा। पति की दूसरी शादी से आहत महिला ने नहर में छलांग लगाकर की आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। जहां सड़क से जा रहे युवक ने महिला को डूबता देख अपनी जान जोखिम में डालकर नहर में छलांग लगा दी। युवक ने नहर में कूदकर महिला को सही सलामत बाहर निकाल लिया। महिला को बचाने के लिए वहां से गुजर रहे सरदार जी ने अपनी पगड़ी खोलकर युवक को दी थी। युवक इस पगड़ी के सहारे ही नहर में कूदा और महिला की जान बचाई।
नांगल खेड़ी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह इंपिरियम बिल्डिंग से बिजली दफ्तर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि एक महिला नहर में डूब रही है तो उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि एक सरदार ने अपनी पगड़ी खोलकर उन्हें दी। जिसके बाद वह नहर में उतर गए और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं राहगीरों ने महिला के नहर में डूबने की सूचना डायल 112 पर सूचना दी।
महिला के पति ने कर ली थी दूसरी शादी
जब महिला से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पति ने करीब 2 से 3 महीने पहले रामनगर निवासी एक महिला से शादी कर ली है। उसने तीन लाख 30 हजार रुपये का लोन लेकर भी उसे दे दिए हैं। उसने बताया कि उसका पति ऑटो चलाता है। उनके दो बच्चे हैं। महिला ने बताया कि उसने अपने पति को कई बार समझाने का प्रयास किया। पुलिस को भी शिकायत दी लेकिन न पुलिस ने सुनवाई की और ना ही पति ने। जिससे आहत होकर आज वह अपनी जान देने के लिए नहर में कूद गई थी
पुलिस महिला से कर रही पूछताछ
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला से आत्महत्या करने का कारण पूछा और बाद में महिला को अपने साथ ले गई। डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते महिला ने सुसाइड का प्रयास किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button