कंगना रनौत को थप्पड़ जड़ने वाली कुलविंदर कौर को देश-विदेश से मिल रहे ऑफर

चंडीगढ़/एजेंसी। कंगना रनौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर थप्पड़ मारे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। थप्पड़ मारने वाली सीआईएसएफ कॉन्स्टेबल को हिरासत में ले लिया गया है। उसे सस्पेंड कर दिया गया है। कानूनी कार्रवाई जारी है। कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर को नौकरी से बर्खास्त भी किया जा सकता है। इसी बीच कुलविंदर के समर्थन में तमाम लोग उतर आए हैं। किसान संगठन से लेकर बिजनेसमैन और कई उद्योगपति कुलविंदर कौर को नौकरी, रुपयों और फ्री कानूनी मदद जैसे ऑफर दे रहे हैं। गुरुवार को कंगना भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट से दिल्‍ली आ रही थीं। जब वह बोर्डिंग के लिए जा रही थी, इस दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात कुलविंदर कौर ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। कंगना ने महिला गार्ड के खिलाफ शिकायत की और कार्रवाई करने की मांग की है। कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके चलते महिला कॉन्स्टेबल आहत थी।
कानूनी सहायता का ऑफर
निलंबित कांस्टेबल के समर्थन में सामने आने वालों में 82 वर्षीय कृषि कार्यकर्ता मोहिंदर कौर भी हैं। उन्होंने पहले भी कंगना के खिलाफ कृषि विरोध पर उनकी टिप्पणी के लिए मानहानि का मुकदमा दायर किया था। मोहिंदर ने कहा कि कंगना को बोलने की समझ नहीं है। चूंकि वह एक सांसद के रूप में चुनी गई हैं, इसलिए उन्हें विनम्र होना चाहिए। उन्होंने पंजाबियों को चरमपंथियों के रूप में ब्रांड करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह कुलविंदर को कानूनी सहायता देने के लिए तैयार हैं।
खालिस्तानी आतंकी और पंजाब का बिजनैसमैन देगा इनाम
खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी कुलविंदर को सम्मानित करने का ऐलान किया है। पन्नू ने कहा कि वह कुलविंदर को 8 लाख रुपये इनाम देंगे। पन्नू ने एक वीडियो जारी करके इस इनाम की घोषणा की। पन्नू ने कहा कि कुलविंदर ने कंगना को मारकर एकदम ठीक किया है। वह इससे बहुत खुश हैं। वह कुलविंदर को 10,000 डॉलर (करीब आठ लाख भारतीय रुपए) का इनाम देंगे। पन्नू ने अपने वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी के लिए भी भद्दी टिप्पणी की। वहीं पंजाब के जीरकपुर के एक बिजनेसमैन भी कुलविंदर को इनाम देने की घोषणा की है। शिवराज सिंह बैंस ने ऐलान किया है कि वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सांसद कंगना रनौत को थप्पड़ मारने वाली सीआईएसएफ कांस्टेबल कुलविंदर कौर को एक लाख रुपये देंगे।
नौकरी का भी ऑफर
फेमस म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने सीआईएसएफ जवान कुलविंदर कौर का समर्थन किया है। उन्होंने कुलविंदर को नौकरी का ऑफर भी दिया। विशाल ददलानी ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की। इसमें उन्होंने लिखा कि अगर CISF कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर के खिलाफ कोई एक्शन होता है तो वह उसके लिए नौकरी की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं हिंसा का समर्थन नहीं करता हूं, लेकिन उस सीआईएसएफ जवान को गुस्सा क्यों आया, इसको मैं पूरी तरह से समझ सकता हूं। अगर महिला कॉस्टेबल के खिलाफ कोई एक्शन होता है तो मैं सुनिश्चित करूंगा कि उसके पास नौकरी हो, अगर वह करना चाहें। जय हिंद, जय जवान जय किसान।’
समर्थन में उतरे किसान और मजदूर नेता
किसान नेता राकेश टिकैत ने महिला कॉन्स्टेबल का बचाव करते हुए कहा कि दोनों में बहस हुई थी, थप्पड़ नहीं मारा। महिला कॉन्स्टेबल कंगना के बयानों से आहत थी। हम सब उस परिवार और बेटी के साथ हैं। देश का किसान और किसान संगठन महिला कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर और उनके परिवार के साथ है।
राकेश टिकैत ने सवाल करते हुए कहा कि एक साल तक आंदोलन कर रहे किसानों को इन लोगों ने खालिस्तानी, भाड़े के किसान, नकली किसान कहा था। इस पूरे मामले की जांच हो और फिर अंतिम निर्णय लिया जाए। कुलविंदर कौर पर जो भी धारा लगती होगी लगाई जाए, उनकी बेल हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कुलविंदर कौर ड्यूटी पर थी, इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन उसमें गुस्सा कितना होगा इस बात का भी अंदाजा लगाना चाहिए। सभी को खुद पर नियंत्रण रखना चाहिए।
एसकेएम (गैर-राजनीतिक) नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने भी कुलविंदर का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले की उपयुक्त जांच के लिए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव से मुलाकात की।
धरने पर बैठे किसान
हरियाणा के जींद जिले के उचाना में उपमंडल कार्यालय के बाहर कुलविंदर के समर्थन में धरना हुआ। धरने पर बैठे किसानों ने कुलविंदर कौर को सम्मानित करने की घोषणा की। धरने के संयोजक आजाद पालवां ने कहा कि हिरासत से रिहा होने के बाद वह कुलविंदर को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले की चर्चा पूरे देश और पूरी दुनिया में हो रही है। कंगना रनौत अब भी यह कह रही हैं कि उग्रवाद, आंतकवाद को बढ़ावा देने के लिए लोग ऐसा कर रहे हैं। आज भी उनका जुबान पर नियंत्रण नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button