गाजियाबाद में राशन कार्ड की लिस्ट से कटा 10 हजार लोगों का नाम, पकड़े गए फर्जी दस्तावेज
10 thousand names deleted from ration card list in Ghaziabad, fake documents seized

गाजियाबाद। अपात्र होते हुए भी मुफ्त राशन का लाभ ले रहे दस हजार लोगों का नाम पात्रता सूची से काट दिया गया है। इन लोगों के स्थान पर जो पात्र लोग अब तक राशन कार्ड न बनने से परेशान थे, उनका नाम पात्रता की सूची में जोड़ा गया है। गाजियाबाद जिले में 20 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन का लाभ दिया जा रहा था। सरकार द्वारा लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि 30 हजार लोग अपात्र हैं। इन अपात्रों का जिले स्तर पर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे।
जिला पूर्ति विभाग द्वारा सत्यापन के बाद दस हजार लोगों का नाम राशन कार्ड से हटा दिया गया है। सत्यापन अभी भी जारी है, ऐसे में इस महीने के अंत तक कई अन्य लोगों के नाम भी लाभार्थियों की सूची से हटाए जाएंगे। जिले में सभी राशन कार्ड धारकों को ई-केवाइसी कराना अनिवार्य किया गया है। अब तक 63 प्रतिशत लोगों ने ही ई-केवाइसी कराया है। जिन लोगों ने ई-केवाइसी नहीं कराया है, उनको राशन डीलर के माध्यम से ई-केवाइसी कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है, यदि जल्द ही ई-केवाइसी नहीं कराया तो उनका राशन कार्ड निरस्त किया जाएगा। इसे लेकर जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि सत्यापन के दौरान जो राशन कार्ड धारक योजना के लिए अपात्र मिल रहे हैं, उनके राशन कार्ड को निरस्त किया जा रहा है। सत्यापन का कार्य अभी जारी है।




