आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर मिला ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा गुब्बारा
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

आगरा/उत्तर प्रदेश। एयरफोर्स स्टेशन परिसर के तकनीकी क्षेत्र में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा गुब्बारा मिलने से खलबली मच गई। एयरफोर्स ने प्रारंभिक जांच के बाद गुब्बारा शाहगंज पुलिस को सौंपकर मुकदमा दर्ज कराया है। गुब्बारा आधा सफेद और आधा हरे रंग का है। उस पर पीआईए लिखा है। आगरा के एयरफोर्स स्टेशन परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब तकनीकी क्षेत्र में एक संदिग्ध गुब्बारा मिला। गुब्बारे पर ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा होने की जानकारी सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड़ में आ गईं। मामले की सूचना मिलते ही खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई।
प्राथमिक जांच के बाद गुब्बारे को थाना शाहगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एयरफोर्स प्रशासन की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह गुब्बारा तकनीकी एरिया तक कैसे पहुंचा।
बताया जा रहा है कि गुब्बारा आधा सफेद और आधा हरे रंग का है। उस पर ‘पीआईए’ के साथ उर्दू भाषा में भी कुछ लिखा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेश पाल गिरी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही।




