पूर्व सांसद का फर्जी बेटा बनकर करोड़ों की ठगी, मुंबई पुलिस ने गुजरात के जालसाज पर कसा शिकंजा

मुंबई/एजेंसी। मुंबई की खार पुलिस ने खुद को गुजरात के एक पूर्व सांसद का बेटा बताकर व्यापारियों से लाखों की ठगी करने वाले विक्की वजूभाई बरेजिया उर्फ विक्की प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने खुद को रसूखदार दिखाने के लिए फर्जी पार्लियामेंट आईडी कार्ड का इस्तेमाल किया और दावा किया कि उसके वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ करीबी संबंध हैं। उसने खार निवासी व्यवसायी स्वर्णजीत सिंह को झांसा दिया कि शेयर बाजार में निवेश करने पर उसका पैसा महज छह महीने में दोगुना हो जाएगा। भरोसे में लेने के लिए उसने शुरुआत में कुछ रिटर्न भी दिए, लेकिन बाद में बड़ी रकम लेकर चंपत हो गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने व्यवसायी से कुल 41.39 लाख रुपये लिए थे, जिसमें से 18.69 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। केवल स्वर्णजीत ही नहीं, बल्कि उनके कई दोस्तों को भी इसी तरह निवेश के नाम पर लाखों का चूना लगाया गया है। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अपने कथित रसूख का डर दिखाकर उन्हें पुलिस के पास न जाने की धमकी दी। पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस गिरोह के अन्य कड़ियों की तलाश की जा रही है।



