फतेहपुर में बकरी चोरी का इनामी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा व नकदी के साथ गिरफ्तार

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बकरी चोरी की वारदातों में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी पुत्र मोहम्मद नवाब, निवासी बहलोलपुर ऐलई, घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च को ख्वाजगीपुर थोंन गांव में शाम करीब छह बजे जंगल से बकरियां चराकर लौट रहे अग्रसेन लोधी से कार सवार बदमाश बकरा चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के दौरान आरोपियों का मोबाइल मौके पर गिर गया था। इसके बाद 18 अप्रैल को मुबारकपुर गेरिया गांव में बालेंद्र कुमार के घर के बाहर बंधी दो बकरियां कार से चोरी कर ली गई थीं। इससे पहले बरायेपुर गांव के पास पानी टंकी की बाउंड्री में बैठी भेड़ों को चरवाहों को बंधक बनाकर चोरी की वारदात में भी आरोपी शामिल रहा।
गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भीमपुर नहर पुलिया तिराहे से सड़वा जाने वाली नहर पटरी के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो बकरियां और 2010 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी पर जनपद सहित अन्य जिलों में चोरी के 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह मुठभेड़ पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने लंबे समय से बकरी चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों को राहत दिलाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button