दिल्ली पुलिस के हेड काॅन्स्टेबल का बड़ा कारनामा,थाने के मालखाने से डेढ़ करोड़ के गहने गायब कर 25 लाख का लिया लोन

अमर कॉलोनी थाने के मालखाने से डेढ़ करोड़ के आभूषण गायब कर 25 लाख का लोन लेने वाले हेड कॉन्सटेबल संदीप को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने जब्त आभूषणों को गिरवी रखकर लोन लेने की बात स्वीकार की है।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर अमर कॉलोनी थाने के मालखाने में रखे करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण गायब करने और उन्हें एक निजी लोन कंपनी के पास गिरवी रखकर 25 लाख रुपये का कर्ज लेने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी संदीप को राजस्थान के महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 21 दिनों से लापता था और उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर गायब हुए आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, संदीप 29 अक्टूबर को शाहीन बाग थाने में ड्यूटी पर आया था। इसके अगले दिन वह ड्यूटी से अनुपस्थित रहा। पुलिस का कहना है कि जब एक सहकर्मी ने उससे संपर्क किया तो उसने घर पर जरूरी काम होने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। 12 नवंबर को उसके भाई ने उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि संदीप तीन मामलों की सुनवाई के दौरान अदालत में उपस्थित नहीं हो रहा था।

पुलिस का दावा है कि अमर कॉलोनी थाने के मालखाने में जब्त आभूषणों के गायब होने की जांच के दौरान संदीप की कथित भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि तीन मामलों में जब्त सोने के आभूषणों को एक निजी लोन कंपनी के पास गिरवी रखकर उसने करीब 25 लाख रुपये का कर्ज लिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर आभूषण बरामद किए गए हैं।

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि संदीप वर्ष 2023 से अमर कॉलोनी थाने में तैनात था और मालखाने का प्रभारी बताया जा रहा है। करीब पांच महीने पहले उसका तबादला शाहीन बाग थाने में कर दिया गया था, लेकिन अमर कॉलोनी थाने के मालखाने का प्रभार उसके पास बने रहने की बात सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button