पुणे जिला अदालत के बाहर दिनदहाड़े खूनी हमला, पहले धारदार हथियार से वार फिर चलीं गोलियां; हमलावर पिस्तौलें फेंककर फरार

महाराष्ट्र के पुणे में चौंका देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को दोपहर में दुपहिया वाहनों पर आए हमलावरों ने एक मर्डर के आरोपी पर धारदार हथियारों से हमला किया। इसमें मर्डर आरोपी शख्स खून से लथपथ हो गया है। प्रारंभिक जांच में इस गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुणे में जमानत पर छूटे मर्डर के आरोप पर दिनदहाड़े हमला।

पुणे,महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पुणे स्थित शिवाजीनगर जिला अदालत के गेट नंबर चार पर दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोपहिया वाहनों से पहुंचे तीन से चार हमलावरों ने पहले धारदार हथियार से मंदार मारुति किवले पर हमला किया और इसके बाद गोलीबारी की। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय उन्होंने अपनी पिस्तौलें भी फेंक दीं। घायल मंदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं।

घटना दोपहर करीब एक बजे शिवाजीनगर जिला अदालत के गेट नंबर चार पर पारिवारिक न्यायालय के सामने हुई। उस समय अदालत परिसर के आसपास लोगों की आवाजाही जारी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए हमले और गोली चलने की आवाज से लोगों में दहशत फैल गई। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश की। इस दौरान उनके द्वारा पिस्तौलें फेंके जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हथियारों की संख्या और उनकी बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

घायल की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चार दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और किसी मामले में पेशी के लिए अदालत पहुंचा था। मंदार अप्रैल 2025 में पुणे के कात्रज स्थित संतोषनगर इलाके में हुए शुभम सुभाष चव्हाण हत्याकांड का आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी गैंगवार हो सकती है।

इस घटना में गोलीबारी की सूचना जरूर सामने आई है, लेकिन अस्पताल में जांच के दौरान मंदार के शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं मिले। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावरों की चलाई गई गोलियां उसे लगी थीं या नहीं। फिलहाल धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस गोलीबारी की परिस्थितियों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फेंकी गई पिस्तौलों के संबंध में जांच कर रही है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुणे पुलिस मौके पर पहुंची और अदालत परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले की पहले से योजना बनाई गई थी या यह किसी पुरानी दुश्मनी का अचानक हुआ परिणाम था।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और पुणे की प्रभारी मंत्री सुनेत्रा पवार ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी मांगी। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अदालत जैसे संवेदनशील स्थान के बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button