बाल झड़ने की समस्या से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने विकसित की इलेक्ट्रिक कंघी, चूहों पर दिखे सकारात्मक नतीजे

वैज्ञानिकों की चूहों पर की गई एक रिसर्च में बालों के झड़ने की समस्या से निपटने का एक नया और असरदार तरीका बन सकती है। असल में कंघी के आकार का एक खास बायो-इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है। इस सिस्टम में इलेक्ट्रॉनिक दांत लगे हुए हैं।

बीजिंग,एजेंसी। बालों का झड़ना दुनिया भर में बड़ी संख्या में लोगों के लिए चिंता का विषय है। अब चीनी वैज्ञानिकों ने इस समस्या से निपटने के लिए कंघी के आकार का एक विशेष बायो-इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विकसित किया है। ‘डीटैंगल’ नाम के इस उपकरण का शुरुआती परीक्षण चूहों पर किया गया है, जिसमें बालों की दोबारा वृद्धि को लेकर उत्साहजनक नतीजे सामने आए हैं। हालांकि, इंसानों पर इसकी प्रभावशीलता और सुरक्षा की पुष्टि के लिए अभी आगे के परीक्षण जरूरी हैं।

‘नेचर कम्युनिकेशंस’ में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, बीजिंग की बेइहांग यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इस उपकरण को विशेष इलेक्ट्रोड और दवा पहुंचाने वाली तकनीक से तैयार किया है। इसकी अलग-अलग लंबाई वाले दांत त्वचा पर पल्स्ड इलेक्ट्रिक फील्ड उत्पन्न करते हैं। शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह विद्युत क्षेत्र सामान्य बाहरी दवा लगाने की तुलना में दवा को बालों की जड़ों तक अधिक गहराई से पहुंचाने में मदद कर सकता है।

यह उपकरण दो तरीकों से काम करता है। पहला, इससे निकलने वाले विद्युत संकेत बालों की जड़ों को उत्तेजित कर उनकी वृद्धि को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं। दूसरा, इसमें मौजूद विशेष व्यवस्था इलेक्ट्रोपोरेशन तकनीक के जरिए दवाओं को त्वचा के भीतर गहराई तक पहुंचाने में मदद करती है।

अध्ययन में बालों की वृद्धि से जुड़े दो आनुवंशिक उपचारों का भी इस्तेमाल किया गया। इनमें वीईजीएफए प्लास्मिड का उद्देश्य बालों की जड़ों के आसपास रक्त वाहिकाओं के विकास को बढ़ावा देना है, जबकि एसआरडी5ए2 एसआईआरएनए उस हार्मोन संबंधी प्रक्रिया को रोकने के लिए तैयार किया गया है, जो बालों की जड़ों के सिकुड़ने से जुड़ी होती है।

शोधकर्ताओं ने टेस्टोस्टेरोन के कारण बाल झड़ने वाले नर चूहों पर 28 दिनों तक प्रयोग किया। अध्ययन के अनुसार, बिना उपचार वाले चूहों में मुंडे हुए हिस्से पर लगभग एक प्रतिशत बाल वापस आए, जबकि केवल विद्युत उत्तेजना पाने वाले चूहों में बालों की वृद्धि में करीब 40 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया। उपकरण और आनुवंशिक उपचारों के संयुक्त इस्तेमाल से इससे भी बेहतर परिणाम सामने आए।

शोधकर्ताओं ने इस तकनीक को एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया यानी सामान्य रूप से पैटर्न हेयर लॉस की समस्या के संभावित उपचार के रूप में पेश किया है। हालांकि, फिलहाल इसके नतीजे केवल पशु परीक्षणों पर आधारित हैं। इंसानों में इसका इस्तेमाल कितना सुरक्षित और प्रभावी होगा, यह जानने के लिए क्लिनिकल परीक्षणों की आवश्यकता होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक ने बाल झड़ने के उपचार के क्षेत्र में नई संभावना जरूर पैदा की है, लेकिन इसे गंजेपन का प्रमाणित इलाज मानना अभी जल्दबाजी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button