डेटिंग एप पर दोस्ती के बाद कनाडा से नीमराणा पहुंची महिला, 61 की उम्र जानकर युवक ने शादी से किया इनकार
डेटिंग ऐप पर दोस्ती के बाद शादी करने कनाडा से राजस्थान के नीमराणा पहुंची 61 वर्षीय विदेशी महिला को प्रेमी ने अधिक उम्र के चलते ठुकरा दिया। विवाद होने पर महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क किया। सूचना पर पहुंची नीमराणा पुलिस ने महिला को कोटपूतली केयर सेंटर भेजकर युवक से पूछताछ शुरू की।

अलवर,राजस्थान। ऑनलाइन डेटिंग एप पर हुई दोस्ती को शादी तक पहुंचाने की उम्मीद लेकर कनाडा की करीब 61 वर्षीय महिला राजस्थान के नीमराणा पहुंच गई। यहां आमने-सामने मुलाकात के बाद युवक ने महिला की उम्र का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। महिला की ओर से कनाडा दूतावास को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों को थाने ले आई। फिलहाल महिला को कोटपूतली स्थित केयर सेंटर में रखा गया है, जबकि पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
नीमराणा थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के अनुसार, करीब एक साल पहले हरियाणा के पानीपत निवासी नितिन पुत्र सत्यनारायण की कनाडा की रहने वाली महिला से डेटिंग एप के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने पर सहमति जताई। इसके बाद महिला पर्यटक वीजा पर भारत आई। नितिन उसे लेने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा और वहां से नीमराणा की बीबी बिल्डर्स सोसायटी स्थित अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर ले गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला करीब दो दिन तक युवक के साथ सोसायटी में रही। इसी दौरान शादी की बात आगे बढ़ने पर महिला की उम्र सामने आने के बाद नितिन ने विवाह से इनकार कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद 13 नवंबर को महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। दूतावास की सूचना पर नीमराणा पुलिस सुबह करीब चार बजे सोसायटी पहुंची और दोनों को थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार, युवक पानीपत का निवासी है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। विदेशी महिला को फिलहाल कोटपूतली के केयर सेंटर में रखा गया है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है और महिला को कनाडा वापस भेजने की प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



