महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक के 84 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट, प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली नौकरी
कौशाम्बी के महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक, टेवा में सत्र 2025-26 में 84 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हुआ। इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर साइंस के अधिकांश विद्यार्थियों को टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस, फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक्स और डिक्सन इंडिया जैसी कंपनियों में 2.40 से 2.60 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी मिली। संस्थान ने इसे गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण का परिणाम बताया है।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक, टेवा, कौशाम्बी ने सत्र 2025-26 की सेवायोजन (प्लेसमेंट) वार्षिक रिपोर्ट जारी करते हुए उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है। संस्थान के कुल 84 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है, जो तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाता है।
प्रधानाचार्य सुजीत कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी का परिणाम है कि इस सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नामी कंपनियों में नौकरी मिली है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखा के 57 विद्यार्थियों में से 52 का चयन हुआ, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 22 में से 19 और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 44 में से 32 विद्यार्थियों को रोजगार मिला।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को 2.40 लाख से 2.60 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति दी गई है, जो पॉलिटेक्निक स्तर के लिए एक संतोषजनक उपलब्धि है। संस्थान लगातार उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर छात्रों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।
सेवायोजन अधिकारी डॉ. यमुनाधर द्विवेदी और शशांक सिंह ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों का चयन टाटा कमिंस लिमिटेड (पुणे), टाटा मोटर्स (नोएडा), फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक्स (पुणे) तथा डिक्सन इंडिया लिमिटेड (नोएडा) जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। इन कंपनियों द्वारा कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार और एचआर राउंड शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि संस्थान में नियमित रूप से सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण, मॉक इंटरव्यू, समूह चर्चा, तकनीकी कार्यशालाएं और इंडस्ट्री विजिट का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार किया जा सके। इसके अलावा, छात्रों को व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और तकनीकी दक्षता पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
संस्थान प्रशासन का कहना है कि आने वाले सत्रों में प्लेसमेंट प्रतिशत को और बढ़ाने के लिए नई कंपनियों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है तथा छात्रों को उभरती तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुजीत कुमार सिंह, सेवायोजन अधिकारी डॉ. यमुनाधर द्विवेदी, शशांक सिंह सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चयनित छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।





