नंद नगरी में चाकू से गोदकर युवक की हत्या का खुलासा, दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के नंद नगरी में गगन सिनेमा के पास सोनू उर्फ कांचा की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 16 और 17 वर्षीय दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू बरामद किए हैं।

उत्तर पूर्वी दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में गगन सिनेमा के पास हुई युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़कर वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। पकड़े गए दोनों किशोरों की उम्र 16 और 17 वर्ष है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे मृतक और आरोपियों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को तड़के करीब 2:24 बजे नंद नगरी थाना पुलिस को गगन सिनेमा के पास एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल एफ-1 एमसीडी पार्क के प्रवेश द्वार के पास पहुंची, जहां करीब 35 वर्षीय एक युवक ऊंचे चबूतरे पर पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे। पुलिस ने उसकी पहचान सोनू उर्फ कांचा उर्फ छोटू, पुत्र नरेश कुमार शर्मा, निवासी वेगा बॉन्ड, नंद नगरी के रूप में की। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। घायल को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी की गईं।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। मामले में नंद नगरी थाने में एफआईआर संख्या 677/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
डीसीपी के निर्देशन में नंद नगरी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल प्रवीण शामिल थे। एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी की निगरानी में पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई और घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों किशोरों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि मृतक के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद था। आरोपियों ने वारदात के समय पहने हुए कपड़ों के संबंध में भी जानकारी दी, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25/54/59 भी जोड़ दी हैं। फिलहाल दोनों नाबालिगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।




