अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ समेत मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मुंबई में गुरुवार को एक ईमेल के जरिए पूरे शहर में कई जगह बम धमाके किए जाने की धमकी दी गई। इसके बाद अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मुंबई,एजेंसी। महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की झवेरी बाजार शाखा और मुंबई के मेयर कार्यालय को बम धमाके से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस ने संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक ईमेल आईडी से कथित धमकी भरा संदेश पीएनबी के मुंबई जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित स्थानीय क्राइम ब्रांच और झवेरी बाजार शाखा को प्राप्त हुआ। ईमेल के विषय में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर पीएनबी की एक शाखा में बम धमाका करने की धमकी का उल्लेख किया गया था। संदेश में मुंबई के विभिन्न बैंकों, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और मेयर कार्यालय को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर की तारीखों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। इसके अलावा संदेश में खालिस्तान और कथित संगठन ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम भी लिखा गया था।
हालांकि, मुंबई पुलिस की डीसीपी रागसुधा आर ने धमकी भरे ईमेल को अफवाह करार देते हुए कहा कि फर्जी संदेश में मुख्य रूप से पीएनबी और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने का जिक्र है। जांच के दौरान अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने प्रथम दृष्टया इसे किसी शरारती व्यक्ति की हरकत होने की आशंका जताई। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान और संदेश के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस संदेश में मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के आवास और गायक दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय की तलाशी ली गई थी, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
लगातार मिल रहे ऐसे धमकी भरे ईमेल ने मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ईमेल की प्रामाणिकता, उसके स्रोत और इसके पीछे शामिल व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।




