गाजियाबाद के दामाद बनेंगे यूपी के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, मेघना चौधरी से तय हुआ विवाह

यूपी के बेसिक शिक्षा राज्‍यमंत्री संदीप सिंह जल्‍द ही गाजियाबाद में रहने वालीं मेघना चौधरी के साथ शादी करने वाले हैं। संदीप सिंह यूपी के दो बार मुख्‍यमंत्री रहे कल्‍याण सिंह के पौत्र हैं।

अपने परिवार के साथ संदीप सिंह (एकदम दाएं)

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह जल्द ही गाजियाबाद के दामाद बनने जा रहे हैं। उनका विवाह गाजियाबाद के लाजपत नगर निवासी मेघना चौधरी से तय हुआ है। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उनके परिवार की चर्चा तेज हो गई है। संदीप सिंह का संबंध उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के परिवार से है। उनके पिता राजवीर सिंह भी मंत्री और सांसद रह चुके हैं, जबकि उनकी मां प्रेमलता वर्मा पूर्व विधायक हैं।

संदीप सिंह के दादा कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रभावशाली नेताओं में शुमार रहे। उन्होंने 24 जून 1991 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और सितंबर 1997 में दूसरी बार प्रदेश की कमान संभाली थी। वह राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। अलीगढ़ के अतरौली विधानसभा क्षेत्र से उनका गहरा राजनीतिक जुड़ाव था और इसी क्षेत्र से वह कई बार विधायक चुने गए। वर्ष 2021 में उनके निधन के बाद परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी के कंधों पर आई।

संदीप सिंह के पिता राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया भी प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वह वर्ष 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर एटा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उनकी मां प्रेमलता वर्मा भी अतरौली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2004 के उपचुनाव और 2007 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस तरह संदीप सिंह का परिवार तीन पीढ़ियों से राजनीति में सक्रिय रहा है।

24 जून 1991 को अलीगढ़ में जन्मे संदीप सिंह ने स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर अतरौली विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। इसके बाद उन्हें योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली पहली सरकार में मंत्री बनाया गया। वर्ष 2022 में वह दूसरी बार इसी सीट से विधायक निर्वाचित हुए और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी संभाली।

संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा भी परिवार की सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। अब परिवार में विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा है। संदीप सिंह का रिश्ता गाजियाबाद के लाजपत नगर निवासी मेघना चौधरी से तय होने के बाद शहर से उनका नया पारिवारिक जुड़ाव बनने जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button