आजम खान की गिरफ्तारी के विरोध में कुशीनगर में प्रदर्शन, कैदियों की वेशभूषा में निकाला मार्च

कुशीनगर में आजम खान की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने कैदियों की वेशभूषा और हथकड़ी पहनकर विरोध मार्च निकाला।

कुशीनगर,उत्तर प्रदेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को कुशीनगर में मुस्लिम समाज के लोगों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए कई प्रदर्शनकारी कैदियों की वेशभूषा पहनकर सड़कों पर उतरे। कुछ लोगों के हाथों में हथकड़ी भी नजर आई। प्रदर्शनकारियों ने आजम खान के साथ कथित अन्याय किए जाने का आरोप लगाते हुए उनकी और उनके परिवार की रिहाई तथा न्याय की मांग उठाई।

रविंद्रनगर स्थित जिला मुख्यालय पर निकाले गए विरोध मार्च में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारी कैदियों जैसी पोशाक पहनकर और हाथों में हथकड़ी लगाकर आगे बढ़े। मार्च के दौरान आजम खान के समर्थन में नारेबाजी की गई। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आजम खान और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने इन कार्रवाइयों को राजनीतिक और धार्मिक आधार पर प्रताड़ना बताते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।

ज्ञापन में उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समाज के कथित उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों के आरोपों की जांच कराने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आजम खान से जुड़े मामलों की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की अपील करते हुए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि आजम खान और उनके परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button