करवा चौथ पर प्रेमिका ने प्रेमी के घर व्रत खोलने की रखी जिद, पुलिस चौकी में घंटों चली पंचायत
करवा चौथ के दिन मंधना क्षेत्र में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी के लिए व्रत रखा। प्रेमिकाने जिद की कि वह प्रेमी के घर जाकर व्रत तोड़ेगी। इसके बाद दोनों प्रेमी प्रेमिका पुलिस चौकी पहुंचे, जहां विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत हुई।

कानपुर,उत्तर प्रदेश। करवा चौथ के अवसर पर कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया। प्रेमिका ने अपने प्रेमी के लिए करवा चौथ का व्रत रखा और उसी के घर जाकर व्रत खोलने की जिद पर अड़ गई। मामला मंधना पुलिस चौकी पहुंचा, जहां कई घंटों तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते की कोशिश चलती रही।
जानकारी के अनुसार, प्रेमिका व्रत रखकर अपने प्रेमी के साथ पुलिस चौकी पहुंची थी। उसने स्पष्ट कहा कि वह प्रेमी के घर जाकर ही व्रत खोलेगी। प्रेमी भी उसे अपने साथ घर ले जाने के लिए तैयार था। उसने किसी संभावित विवाद से बचने के लिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया।
पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत हुई। बताया जाता है कि अंततः दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद प्रेमिका अपने प्रेमी के घर पहुंची और वहीं करवा चौथ का व्रत खोला।
करवा चौथ के दिन प्रेमिका की जिद और पुलिस चौकी में घंटों चली बातचीत का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




