दुबई में शाहरुख खान के नाम पर 56 मंजिला टावर, टॉप फ्लोर पर गौरी खान ने बनाया शीशमहल

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम पर दुबई में 56 मंजिला लग्जरी टावर विकसित किया गया है। ‘शाहरुख्ज रेजिडेंसेज बाय डैन्यूब’ में आलीशान अपार्टमेंट और पेंटहाउस बनाए जा रहे हैं, जिनमें से विशेष पेंटहाउस का डिजाइन गौरी खान ने तैयार किया है।

मुंबई,एजेंसी। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम पर दुबई में 56 मंजिला लग्जरी टावर विकसित किया गया है। ‘शाहरुख्ज बाय डैन्यूब’ नाम की इस परियोजना को डैन्यूब प्रॉपर्टीज ने तैयार किया है। कंपनी के संस्थापक रिजवान साजन हैं। नवंबर 2025 में व्यावसायिक टावर के रूप में पेश किए गए इस प्रोजेक्ट के बाद अब दुबई मैरीटाइम सिटी में ‘शाहरुख्ज रेजिडेंसेज बाय डैन्यूब’ नाम से आवासीय परियोजना भी शुरू की गई है।
इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण टावर के ऊपरी तल पर बने आलीशान पेंटहाउस हैं, जिन्हें शाहरुख की पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ने डिजाइन किया है। इनमें प्रीमियम फर्नीचर, संगमरमर की फर्श, आधुनिक रसोई, विशाल बैठक कक्ष और समुद्र के मनोरम दृश्य जैसी सुविधाएं शामिल हैं। गौरी खान ने इस परियोजना को अपने दिल के करीब बताते हुए कहा कि शाहरुख के नाम से जुड़े इस काम का उनके लिए विशेष महत्व है।
परियोजना में एक से पांच बेडरूम तक के अपार्टमेंट उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है। जारी विवरण के मुताबिक, आवासीय इकाइयों की शुरुआती कीमत करीब 3.75 करोड़ रुपये है, जबकि प्रीमियम पेंटहाउस की कीमत लगभग 39 करोड़ से 57 करोड़ रुपये तक बताई गई है। कंपनी ने 30:70 भुगतान योजना रखी है और परियोजना का कब्जा 2029 की अंतिम तिमाही में सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
टावर में स्वास्थ्य और फिटनेस केंद्र, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, खेलकूद की सुविधाएं, साइकिलिंग व जॉगिंग ट्रैक और छत पर विशेष क्लब सहित कई आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। प्रवेश द्वार पर शाहरुख खान की चर्चित खुली बांहों वाली मुद्रा में प्रतिमा लगाने की भी योजना है।
शाहरुख खान ने परियोजना से जुड़ने पर खुशी जताते हुए कहा था कि यदि उनका नाम दुबई में घर और कारोबार का सपना लेकर आने वाले लोगों को प्रेरित कर सके, तो यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इस परियोजना के जरिए अभिनेता की लोकप्रियता को दुबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार से जोड़ने की कोशिश की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button