तेलंगाना की लेडी कंडक्टर ने पेश की इमानदारी की मिसाल, यात्री को वापस लौटाया 3 लाख रुपये से भरा बैग
तेलंगाना की एक टीजीएसआरटीसी कंडक्टर सरिता ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए यात्री जहांगीर का बस में छूटा 3 लाख रुपये नकद से भरा बैग सुरक्षित लौटा दिया।

हैदराबाद/एजेंसी। तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) की शादनगर निवासी एक कंडक्टर ने अपनी ईमानदारी से सबको प्रभावित कर दिया है। कंडक्टर सरिता ने एक यात्री का तीन लाख रुपये नकद वाला बैग सुरक्षित लौटाया, जो गलती से बस में छूट गया था।
शनिवार को शादनगर के व्यवसायी जहांगीर अपनी पत्नी के साथ हज यात्रा की तैयारी में हैदराबाद जा रहे थे। वे टीजीएसआरटीसी की बस से अफजलगंज पहुंचे और वहां से नामपल्ली की ओर बढ़ने लगे।
तभी उन्हें अचानक याद आया कि तीन लाख रुपये नकद वाला बैग बस में ही छूट गया है। घबराए जहांगीर ने तुरंत निजी वाहन से बस स्टैंड की ओर रुख किया।
उधर बस में कंडक्टर सरिता की नजर बैग पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए ड्राइवर नरसिम्हुलु को इसकी जानकारी दी। दोनों कर्मचारियों ने बैग को सुरक्षित रखा और उसमें रखे नकदी की जांच भी की।
जब जहांगीर बस स्टैंड पहुंचे और अपना दावा पेश किया तो कंडक्टर और बस ड्राइवर ने उनकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद पूरा तीन लाख रुपये उन्हें सौंप दिया गया।
इस घटना की खबर फैलते ही टीजीएसआरटीसी के इन दोनों कर्मचारियों की समय पर की गई कार्रवाई की सराहना हो रही है। लोग उनकी ईमानदारी, सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना की तारीफ कर रहे हैं।
कई यात्री और स्थानीय लोग कह रहे हैं कि ऐसे कर्मचारियों से विभाग की छवि और मजबूत होती है। जहांगीर ने भी दोनों कर्मचारियों का आभार जताया और कहा कि उनकी सच्चाई ने उनके हज के सफर को और यादगार बना दिया।




