बीकेयू राष्ट्रीयतावादी की बैठक में सुरेश कुमार त्रिपाठी जिला महासचिव हुए मनोनीत, संगठन विस्तार और किसान मुद्दों पर बनी रणनीति

देबव्रत त्रिपाठी/जिला ब्यूरो चीफ
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। किसानों की समस्याओं को लेकर सक्रिय भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) की एक महत्वपूर्ण मनोनयन बैठक खागा क्षेत्र में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार, नई जिम्मेदारियों के वितरण और किसानों के मुद्दों को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई। खागा कैनाल रोड स्थित सुरेश कुमार त्रिपाठी के आवास पर आयोजित इस बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों और किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाध्यक्ष ठाकुर शिवनारायण उर्फ रिशु सिंह चंदेल तथा उनके साथ आए पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। बैठक की शुरुआत संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं पर चर्चा के साथ हुई। इस दौरान जिला संरक्षक वीरेंद्र कुमार की संस्तुति पर सर्वसम्मति से सुरेश कुमार त्रिपाठी को जिला महासचिव के पद पर मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित पदाधिकारियों और किसानों ने तालियों के साथ स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ठाकुर शिवनारायण उर्फ रिशु सिंह चंदेल ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए नई टीम का गठन, नए पदों का सृजन और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) किसानों की आवाज को बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
नवनियुक्त जिला महासचिव सुरेश कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन द्वारा उन्हें दी गई जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी एक माह के भीतर जिले में संगठन का व्यापक विस्तार किया जाएगा और नए पदाधिकारियों का मनोनयन कर मजबूत टीम तैयार की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन किसानों से उनकी समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन एकत्र कर रहा है, ताकि उन्हें व्यवस्थित रूप से प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराया जा सके।
बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं—जैसे सिंचाई, बिजली, खाद-बीज की उपलब्धता और न्यूनतम समर्थन मूल्य—पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को भी बाध्य होगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय आदेश के अनुपालन में खागा तहसील क्षेत्र में संगठन विस्तार कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जो साईं होटल के पास संपन्न हुआ। इस दौरान कई नए किसानों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई और उन्हें संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जिला संरक्षक वीरेंद्र कुमार, युवा जिलाध्यक्ष ठाकुर उत्तम सिंह, युवा संगठन मंत्री सौरभ यादव, ब्लॉक हसवा अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, ब्लॉक भिटौरा अध्यक्ष चंद्रकांत सिंह, संतोष पासवान, अवधेश गौतम, राकेश कुमार, ओमप्रकाश पाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।अंत में पदाधिकारियों ने एकजुट होकर किसानों के हित में संघर्ष करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन संगठन के विस्तार और किसान हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।





