खराब मौसम के चलते वैष्णो देवी यात्रा सातवें दिन भी स्थगित, श्रद्धालु इंतजार में

लगातार सातवें दिन भी श्री माता वैष्णो देवी यात्रा खराब मौसम और बारिश के कारण स्थगित रही। शुक्रवार दोपहर बाद मौसम में सुधार दिखा, लेकिन मार्ग सुरक्षित न होने से यात्रा बहाल नहीं हुई।

कटड़ा/जम्मू। लगातार खराब मौसम और बीते सप्ताह से जारी वर्षा के कारण श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा शुक्रवार को लगातार सातवें दिन भी स्थगित रही। हालांकि दोपहर बाद मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिला और बादलों के बीच हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित न होने के कारण यात्रा बहाल नहीं की गई।
बीते शनिवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। इस दौरान यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पहाड़ियों से कंकड़-पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आईं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, आपदा प्रबंधन दल और सफाई कर्मियों द्वारा मार्ग को सुरक्षित बनाने और मलबा हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
श्राइन बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, मौसम पूरी तरह साफ होने और सभी मार्गों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को भवन की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल प्रशासन और श्राइन बोर्ड यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
यात्रा स्थगित रहने के कारण कटड़ा में रुके श्रद्धालु यात्रा शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बीते दिनों में कई श्रद्धालु वापस लौट चुके हैं, लेकिन रेल और अन्य माध्यमों से श्रद्धालुओं का आगमन अभी भी जारी है। वर्तमान में लगभग 10 से 14 हजार श्रद्धालु कटड़ा में मौजूद हैं।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन, श्राइन बोर्ड और व्यापारी वर्ग मिलकर सहयोग कर रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनी ड्योढ़ी पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर जल्द यात्रा बहाल होने की प्रार्थना करते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button