शामली मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी गैंगस्टर इनाम धूरी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
शामली के कांधला में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी गैंगस्टर इनाम धूरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

शामली/उत्तर प्रदेश। कांधला थाना क्षेत्र के खंदरावली रजवाहे की पुलिया के पास रविवार शाम पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में ₹50 हजार का इनामी गैंगस्टर इनाम धूरी घायल हो गया। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शामली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार शाम करीब छह बजे थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह पुलिस टीम के साथ खंदरावली जंगल में रजवाहा पटरी के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वह बाइक मोड़कर तेज रफ्तार में भागने लगा। पीछा किए जाने पर खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और पास के खेत में घुस गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक 32 बोर का पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में उसकी पहचान इनाम धूरी पुत्र अफजाल, निवासी मोहल्ला आर्यपुरी कैराना के रूप में हुई, जो ₹50 हजार का इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर है।
मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुख्यात मुकीम काला और फुरकान गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट सहित 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में कैराना में दर्ज एक जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार कराया जा रहा है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





