फर्स्ट एसी कोच में ‘हनीमून स्टाइल’ सजावट पर एक्शन, सीटीआई निलंबित; रेलवे ने शुरू की जांच

मध्य रेलवे की नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में नवविवाहित जोड़े के लिए बिना अनुमति 'हनीमून स्टाइल' सजावट कराए जाने पर रेलवे ने सख्त कार्रवाई की। ड्यूटी पर मौजूद सीटीआई को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

मुंबई/एजेंसी। मध्य रेलवे की बल्हारशाह–मुंबई नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में नवविवाहित दंपती के लिए ‘हनीमून स्टाइल’ सजावट किए जाने का मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस प्रकरण में ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) गिरीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को शुभम और सोनाली नामक नवविवाहित दंपती ने छत्रपति संभाजीनगर से जालना होते हुए मुंबई की यात्रा के लिए नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच के ‘जी’ कूपे में बर्थ संख्या 19 और 20 आरक्षित कराई थी। यात्रा को विशेष बनाने के उद्देश्य से दंपती ने निजी स्तर पर जालना के ‘राहत डेकोरेटर’ से ऑनलाइन संपर्क कर कूपे की सजावट की व्यवस्था की।
इसके बाद डेकोरेटर का एक प्रतिनिधि जालना स्टेशन पर बिना किसी आधिकारिक अनुमति के फर्स्ट एसी कोच में प्रवेश कर गया और कूपे को गुब्बारों, फूलों और अन्य सजावटी सामग्रियों से सजा दिया। यह पूरा कार्य रेलवे के नियमों की अनदेखी करते हुए किया गया, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निजी व्यक्ति का बिना अनुमति फर्स्ट एसी कोच में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। घटना सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सीटीआई को निलंबित कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि निजी व्यक्ति को कोच में प्रवेश किसकी अनुमति से मिला और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कैसे हुआ। जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में शामिल सभी जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी और नियमों के पालन पर जोर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button