पौली सहकारी समिति में जलभराव से खाद वितरण प्रभावित, कीचड़ में घंटों लाइन में खड़े रहे किसान

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जनपद के धाता विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा पौली स्थित रोहेल्लापुर सघन सहकारी समिति में खरीफ सीजन के दौरान खाद वितरण व्यवस्था अव्यवस्थित नजर आई। समिति परिसर में जलभराव के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और उन्हें कीचड़ व पानी के बीच घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए समिति पहुंच गए थे। खाद उपलब्ध होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी किसान बड़ी संख्या में पहुंचे, जिससे परिसर में भीड़ बढ़ गई। जलभराव और कीचड़ के चलते किसानों को अंदर आने-जाने में कठिनाई हुई, वहीं वितरण व्यवस्था भी प्रभावित होती दिखी।
किसानों का कहना है कि परिसर में पानी भरे होने के कारण न तो ठीक से लाइन लग पा रही है और न ही समय पर खाद मिल पा रही है। कई किसानों ने आरोप लगाया कि हर साल इस समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
समिति में वर्तमान में करीब 600 बोरी यूरिया और 300 बोरी डीएपी उपलब्ध है, जिनका वितरण किया जा रहा है। हालांकि, जलभराव के कारण वितरण प्रक्रिया धीमी हो गई है और किसानों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है।
समिति के सचिव मानसिंह ने बताया कि परिसर में जलभराव के चलते खाद वितरण में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि समिति परिसर में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो खरीफ सीजन में खाद वितरण के दौरान किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है, जहां एक ओर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी व्यवस्थाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों से जूझना पड़ रहा है।




